पति पर बहू ने लगाया दुष्कर्म का आरोप तो सदमे में चली गई पत्नी की जान
बताया जाता है कि शादी के दो दिन बाद ही युवती ससुराल छोड़कर मायके में आकर रहने लगी। पति-पत्नी के रिश्ते में जब खटास आ गया तो मामला कोर्ट तक पहुंच गया।
नई दिल्ली, जेएनएन। सुल्तानपुरी इलाके में एक महिला ने ससुर पर दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज करा दिया। ऐसे में पुलिस ने आरोपित बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया, जिससे सदमे में आकर आरोपित की पत्नी की अस्पताल में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पुलिस हिरासत में ही आरोपित ने पत्नी का अंतिम संस्कार किया। जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर इलाके में रहने वाले 62 वर्षीय आरोपित ने चार साल पहले बेटे की शादी मंगोलपुरी की रहने वाली युवती से कराई थी।
बताया जाता है कि शादी के दो दिन बाद ही युवती ससुराल छोड़कर मायके में आकर रहने लगी। पति-पत्नी के रिश्ते में जब खटास आ गया तो मामला कोर्ट तक पहुंच गया और वर्तमान में रोहिणी कोर्ट में मामला विचाराधीन है। बताया जाता है कि बहू ने रविवार को सुल्तानपुरी थाने में ससुर पर दुष्कर्म करने की शिकायत दी थी।
शिकायत में कहा गया था कि 2015 में शादी के बाद जब पीड़ित ससुराल आई तो आरोपित ने चाकू की नोंक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता घटना के अगले दिन अपने मायके चली आई।
परिजनों के अनुसार, पीड़ित ने 12 अप्रैल को ससुराल में फोन कर सास को धमकी दी थी कि वह पुलिस भेजकर सभी को गिरफ्तार कराएगी। इस धमकी के चलते महिला की सास को दिल का दौड़ा पड़ गया, जिसके चलते उन्हें संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां आरोपित पत्नी की देखभाल कर रहा था।
इसी दौरान मुकदमा दर्ज होने सुल्तानपुरी पुलिस ने सोमवार को अस्पताल पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पति की गिरफ्तारी के बारे में जानकर महिला की सास को दोबारा दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उनकी मौत हो गई।