Ram mandir bhumi pujan: विजय गोयल के साथ मनोज तिवारी ने देखा लाइव प्रसारण, बांटे गए लड्डू
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने अपने निवास पर एक बड़ी एलइडी स्क्रीन लगाई है
नई दिल्ली [स्वदेश कुमार]। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन के कार्यक्रम को लेकर दिल्ली में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने अपने निवास पर एक बड़ी एलइडी स्क्रीन लगाई है। उन्होंने कुछ गणमान्य लोगों की उपस्थिति में स्वरचित भजन गायक वातावरण को राममय कर दिया। इस मौके पर उन्होंने वरिष्ठ पार्टी नेता विजय गोयल और अन्य नेताओं के साथ अयोध्या में भूमि पूजन का लाइव प्रसारण देखा।
यहां पर विशेष पंडाल बनाया गया है, जिसमें अयोध्या से मंगाई गई 5 किलो मिट्टी के ऊपर रामसेतु से लाई गयी शिलाओं की स्थापना की गई है। सीधे प्रसारण का यह कार्यक्रम शाम तक चलेगा। मिली जानकारी के अनुसार, मनोज तिवारी शाम को राम की आरती कर दिवाली मनाएंगे। इस अवसर पर मनोज तिवारी ने कहा की मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम देश नहीं दुनिया के करोड़ों हृदय में वास करने वाले उनके आराध्य देव हैं।
उन्होंने कहा कि आज जब 500 वर्ष बाद लाखों बलिदानों एवं बड़े संघर्ष के परिणाम स्वरुप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की विशेष पहल पर भगवान श्री राम के मंदिर का निर्माण का शुभारंभ हो रहा है तो हमारे देश ही नहीं दुनिया भर में फैले करोड़ों धर्मावलंबियों के लिए उनके जीवन का सबसे बड़े हर्ष का दिन है और उसको हम सब उसी रूप में मना रहे हैं और खास बात यह है कि बिना किसी विवाद के सभी पक्षों द्वारा एक राय होकर देश के सर्व समाज की ओर से शांतिपूर्वक भगवान श्री राम के मंदिर का निर्माण होने जा रहा है जो इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
दिल्ली में भगवान राम के मंदिर पूजन को लेकर छोटे से लेकर बड़े मंदिर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। कहीं भगवान राम का राज दरबार सजाया गया है तो कहीं श्रीराम के लिए हजारों दिये जलाकर हर्षोंउल्लास मनाया जाएगा। हर जगह भगवान राम की जय जयकार सुनाई देने लगी है।