28.5 मिमी बारिश ने गर्मी से दी राहत, चार डिग्री गिरा पारा
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मैदानी इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसी के चलते यह बारिश हुई।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। बृहस्पतिवार अलसुबह हुई झमाझम बारिश ने दिल्ली वासियों को एक बार फिर गर्मी से राहत प्रदान की। तापमान में भी गिरावट हुई। दिन में भी गर्मी के तेवर अधिक सख्त नहीं थे। शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को दिल्ली वासी सुबह सोकर उठे तो बाहर तेज बारिश हो रही थी। इस वजह से बच्चों को स्कूल व बड़ों को ऑफिस जाने में तकलीफ तो हुई लेकिन उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली। दिन में भी कई जगह हल्की बारिश हुई। धूप निकली जरूर लेकिन बीच-बीच में सूर्यदेव बादलों के साथ आंखमिचौली खेलते रहे। इससे धूप की चुभन भी नहीं के बराबर रही।
बारिश सुबह साढ़े 8 बजे तक 25.8 मि.मी. जबकि शाम साढ़े 5 बजे तक 2.7 मि.मी. मापी गई। बुधवार को जो अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, बृहस्पतिवार को वह चार डिग्री नीचे गिरकर 34.4 डिग्री सेल्सियस रह गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर अधिकतम 98 और न्यूनतम 67 फीसद रिकार्ड हुआ।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मैदानी इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसी के चलते यह बारिश हुई थी। जहां तक शुक्रवार का पूर्वानुमान है तो सामान्यत: बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और हल्की बारिश होने की भी संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश से जलभराव, लगा भीषण ट्रैफिक जाम
यह भी पढ़ें: विलुप्त हो चुकी सरस्वती नदी के प्रवाह मार्ग पर कुएं बनाएगा ONGC, हुआ करार