निरंकारी मैदान में लाने के लिए पुलिस किसान नेताओं से संपर्क में
सीमा पर हंगामे की आशंका की तहत जहां उन स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढील नहीं दी गई है। वहीं दिल्ली के भीतरी इलाके में भी चौकसी काफी बढ़ा दी गई है।सभी प्रदर्शनकारियों को निरंकारी मैदान में लाने के लिए पुलिस किसान नेताओं से संपर्क में है।
नई दिल्ली, संतोष शर्मा। कृषि कानून के विरोध में किसान आंदोलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने बुराड़ी के निरंकारी मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की भले ही छूट दे दी है। लेकिन, प्रदर्शनकारी किसान अभी भी दिल्ली की सीमाओं पर डटे हुए हैं। शनिवार तक निरंकारी मैदान में कम संख्या में किसान पहुंचे थे। इससे दिल्ली पुलिस अधिकारियों की चिंता बढ़ी हुई है।
सीमा पर हंगामे की आशंका की तहत जहां उन स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढील नहीं दी गई है। वहीं, दिल्ली के भीतरी इलाके में भी चौकसी काफी बढ़ा दी गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। वहीं, सभी प्रदर्शनकारियों को निरंकारी मैदान में लाने के लिए पुलिस किसान नेताओं से संपर्क में है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसानों से पुलिस की संवेदना जुड़ी हुई हैं। वह चाहते हैं कि आंदोलन का शांतिपूर्ण हल निकल जाए।
दरअसल कृषि कानून के विरोध में देश भर से 500 से ज्यादा किसान संगठनों ने दिल्ली चलो मार्च का आह्वान किया था। उनका मकसद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का था। लेकिन, दिल्ली में कोरोना संक्रमण की खराब स्थिति के कारण किसानों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। उधर पंजाब और हरियाणा सहित देश भर के किसा दिल्ली की सीमा पर एकत्र हो गए। इसके बाद प्रशासन ने उन्हे निरंकारी मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की इजाजत दी। लेकिन, राजधानी में प्रवेश की अनुमति मिलने के बाद भी भारी संख्या में किसानों ने टिकरी और सिंघु बार्डर पर डेरा डाल रखा है। शुक्रवार को निरंकारी मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति के बाद कुछ किसान तो वहां पहुंचे। लेकिन, आंदोलन को कमजोर होने की आशंका के तहत काफी किसान वहां आने से कतरा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक जब तक उनकी मांगों को नहीं मना जाएगा तब तक वह आंदोलन जारी रखेंगे। इसके कारण पुलिस अधिकारी सकते हैं। वे लगातार किसान नेताओं से संपर्क कर रहे हैं। ताकि सभी किसान निरंकारी मैदान में जाकर प्रदर्शन करें। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसान निरंकारी मैदान में शांति-पूर्वक विरोध-प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने वहां सारे इंतजाम किए हैं। वहां स्थानीय पुलिस के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की कई कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा टिकरी और सिंघु बार्डर पर प्रदर्शनकारी किसान कोई गडबड़ी न कर सकें इसके लिए वहां भी पुलिस बल की तैनाती जारी है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो