चोरी व लूटपाट करने वाले सात बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
दक्षिणी जिला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी लूट और शराब तस्करी करने वाले सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। नेब सराय तिगड़ी संगम विहार और अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में संलिप्त कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दक्षिणी जिला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी, लूट और शराब तस्करी करने वाले सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। नेब सराय, तिगड़ी, संगम विहार और अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में संलिप्त कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान सर्वेद्र कुमार, संजय खान, रोहित कुमार, निखिल जोशी और पवन गुप्ता के रूप में की गई है, जबकि दो आरोपित नाबालिग हैं।
पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि संगम विहार थाना पुलिस ने बलेनो कार में शराब तस्करी कर रहे सर्वेद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 400 पव्वे शराब बरामद की गई है। आरोपित के खिलाफ दिल्ली एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं तिगड़ी थाना पुलिस ने हथियार लेकर वारदात की फिराक में घूम रहे दो आरोपितों संजय खान और रोहित कुमार को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के पास से दो तमंचे बरामद किए गए हैं। वहीं नेब सराय पुलिस ने दो नाबालिग चोरों को पकड़ा है। आरोपित मंदिरों के दान पात्र तोड़कर चोरी करते थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों को पकड़ा है। अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने आटो में बैठे युवक से मोबाइल लूटने का प्रयास कर भाग रहे आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आगजनी के तीन मामलों में आरोपित को मिली जमानत
वहीं, दिल्ली दंगे के दौरान भजनपुरा इलाके में दुकान व वाहनों में आग लगाने के तीन मामलों में कड़कड़डूमा कोर्ट ने एक आरोपित को जमानत दी है। कोर्ट ने आदेश में कहा कि किसी गवाह ने आरोपित की पहचान नहीं की है। 41 सेकेंड का जो वीडियो दिखाया गया है, उससे किसी की पहचान करना संभव नहीं है। गत वर्ष फरवरी में भजनपुरा थाने में दंगे के दौरान एक दुकान, मोटरसाइकिल और कार में आग लगाने के तीन मामले में दर्ज हुए थे। उनमें आरोपित सुहैल उर्फ भोलू ने जमानत के लिए अर्जी लगाई थी।