मालिक की क्रेटा कार लेकर यूपी भाग गया ड्राइवर, बड़ी मशक्कत के बाद लगा पुलिस के हाथ
मालिक की क्रेटा कार लेकर भागे चालक को लाहौरी गेट थाना पुलिस ने शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बदायूं से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से कार भी बरामद कर ली गई। कार मालिक का हरियाणा के पानीपत में हथकरघा का कारोबार है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मालिक की क्रेटा कार लेकर भागे चालक को लाहौरी गेट थाना पुलिस ने शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बदायूं से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से कार भी बरामद कर ली गई। कार मालिक का हरियाणा के पानीपत में हथकरघा का कारोबार है। बिजनेस के सिलसिले में वे चालक के साथ लाहौरी गेट इलाके में आए थे। तभी चालक कार लेकर भाग गया था। उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। तीन माह पहले चालक को नौकरी पर रखा गया था। उसने जानबूझ कर अपने घर के बारे में मालिक को अधिक जानकारी नहीं दी थी।
उत्तरी जिले के डीसीपी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए चालक का नाम यशो माधव है। वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला है। तीन नवंबर को पानीपत के रहने वाले व्यवसायी लकी ने पुलिस में शिकायत कर कहा था कि उनका पानीपत में हथकरघा का व्यवसाय है। तीन नवंबर को वे अपने चालक यशो माधव के साथ अपनी क्रेटा कार से व्यावसायिक उद्देश्य से कपड़ा खरीदने लाहौरी गेट आए थे।
रायल होटल के पास एसपीएम मार्ग पर चालक को छोड़कर वे खरीदारी करने चले गए थे। कुछ देर बाद जब वे वापस आए तो न तो वहां चालक था और न उनकी कार। चालक का मोबाइल भी बंद था। लाहौरी गेट थाना पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता से चालक के पूर्ण विवरण के बारे में पूछताछ की गई। इस पर उन्होंने बताया कि उनके पास केवल चालक का मोबाइल नंबर है। तीन माह पहले ही उसे नौकरी पर रखा गया था।
तकनीकी जांच से पता चला कि चालक ने उत्तर प्रदेश में लुहारी टोल प्लाजा से बेलन टोल पार किया है। पुलिस टीम को तत्काल चालक के उसी मार्ग पर रवाना कर दिया गया। टोल प्लाजा के प्रतिनिधियों से संपर्क कर कार के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। उसके बाद स्थानीय थानों को भी अवगत करा दिया गया। इसके बाद बदायूं के अलापुर क्षेत्र से उसे पकड़ लिया गया। उसने बताया कि मालिक के साथ उसने अपना अधिक विवरण साझा नहीं किया था।