Delhi Budget 2021-22: वर्ष 2048 ओलंपिक की मेजबानी करने का AAP Govt ने लिया संकल्प
Delhi Budget 2021-22 मनीष सिसोदिया ने कहा कि 1896 में ग्रीस में ओलंपिक शुरू होने के बाद से ओलंपिक मशाल कभी भी दिल्ली नहीं आई है। 32वें ओलंपिक खेल टोक्यो में होने हैं। आगामी तीन ओलंपिक खेलों के मेजबानों का चयन पहले ही हो चुका है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार ने राजधानी में ओलंपिक खेलों के आयोजन का संकल्प लिया है। विधानसभा में बजट पेश करते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि देश स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ की दहलीज पर है। ऐसे में दिल्ली सरकार द्वारा देशभक्ति बजट प्रस्तुत किया जा रहा है। एक बड़ा सपना है, जिसे पूरा होते देखना हर कोई चाहता है। वह है, ओलंपिक खेलों का दिल्ली में आयोजन। देश की आजादी के 100 साल पूरे होने के मौके पर हमें अपने इस सपने को पूरा करना होगा। मनीष सिसोदिया ने कहा कि 1896 में ग्रीस में ओलंपिक शुरू होने के बाद से ओलंपिक मशाल कभी भी दिल्ली नहीं आई है। 32वें ओलंपिक खेल टोक्यो में होने हैं। आगामी तीन ओलंपिक खेलों के मेजबानों का चयन पहले ही हो चुका है। दिल्ली सरकार खेल विश्वविद्यालय के जरिये सुविधाएं बढ़ाने के साथ ऐसा माहौल तैयार करना चाहती है, ताकि दिल्ली वर्ष 2048 में होने वाले 39वें ओलंपिक खेलों की मेजबानी का दावा कर सके। इसमें अभी काफी समय है, लेकिन इसके लिए 2048 से 10 साल पहले दावेदारी करनी होगी। इसके लिए अभी 15 साल का समय है। इस दौरान खेलों का बुनियादी ढांचा सुधारने के साथ ही माहौल को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि हमारे खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर सकें।
इस समय देश में खेलों के हिसाब से सबसे अच्छा बुनियादी ढांचा दिल्ली में मौजूद है। सरकार ने दिल्ली के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में भी खेल सुविधाएं विकसित की हैं। दिल्ली में ही वर्ष 1951 में पहले एशियाई खेलों का आयोजन हुआ था। बाद में 1982 में भी एशियाई खेल हुए। 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों का भी आयोजन दिल्ली में ही हुआ था। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आयोजन से दस साल पहले करनी होगी दावेदारी। जाहिर है कि हम बुनियादी ढांचा सुधारेंगे और खेलों का माहौल बनाने पर काम करेंगे।