Delhi Coronavirus Vaccination Drive: 18 साल से अधिक उम्र वाले लोगों को आज से लगेगा टीका
Delhi Coronavirus Vaccination Drive राजधानी दिल्ली में करीब 90 लाख लोग 18 से 44 वर्ष की उम्र के हैं। ये सभी लोग स्कूलों में बने टीकाकरण केंद्रों पर निशुल्क टीका लगवा सकेंगे। दिल्ली में 77 केंद्र बनाए गए हैं।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के तीसरे चरण के टीकाकरण अभियान के तहत 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। 1 मई से निजी अस्पतालों में ही टीका लगाया जा रहा था, लेकिन सोमवार से दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में भी लगाया जाने लगा है। इसके लिए 77 स्कूलों में टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। सोमवार को इन सभी स्कूलों के टीकाकरण केंद्रों पर 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को निशुल्क टीका लगाया जा रहा है। पहले से को-विन एप पर पंजीकरण कराने वाले लोग इन टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचकर टीका लगवा सकेंगे। इन टीकाकरण केंद्रों पर सिर्फ 45 वर्ष से कम उम्र वाले लोगों को ही टीका लगाया जाएगा। 45 से अधिक उम्र वाले लोगों को पहले की तरह अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में बने टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना का टीका लगाने का काम जारी रहेगा।
बता दें कि दिल्ली में 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों की आबादी करीब एक करोड़ 49 लाख है। इसमें से 18 से 39 वर्ष के लोगों की संख्या 73 लाख 60 हजार 327 है। वहीं 40 से 49 वर्ष के लोगों की संख्या 32 लाख 93 हजार 800 है। 40 से 49 साल की उम्र के लोगों में करीब 50 फीसद जनसंख्या 40 से 44 वर्ष की उम्र के लोगों की है। इस लिहाज से दिल्ली में करीब 90 लाख लोग 18 से 44 वर्ष की उम्र के हैं। ये सभी लोग स्कूलों में बने टीकाकरण केंद्रों पर निशुल्क टीका लगवा सकेंगे।
गौरतलब है कि कोरोना के टीके की साढ़े चार लाख डोज मिलने के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शनिवार को टीकाकरण अभियान की सांकेतिक शुरुआत की थी। एक स्कूल में औसतन पांच टीकाकरण बूथ होंगे। इस लिहाज से 77 स्कूलों में करीब 385 टीकाकरण बूथ होंगे। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी सोमवार से टीकाकरण अभियान में तेजी आने की उम्मीद है। निजी अस्पतालों में शुल्क भुगतान कर टीका लिया जा सकेगा। वहीं केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए टीके अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में 45 साल से अधिक उम्र वाले लोगों को लगाया जाएगा।
- मध्य-6
- पूर्व- 3
- नई दिल्ली- 4
- उत्तर- 7
- उत्तर पूर्व- 6
- उत्तर पश्चिम- 6
- शाहदरा- 8
- दक्षिण- 4
- दक्षिण पूर्व- 9
- दक्षिण पश्चिम- 7
- पश्चिम- 17
- कुल- 77