दिल्ली के लोगों के पास स्मार्ट फोन जीतने का मौका, करना होगा एक छोटा सा काम
North Delhi Municipal Corporation प्रतियोगता में विजयी होने पर दिल्ली के लोगों को स्मार्ट मोबाइल फोन मिल सकता है। कुलमिलाकर आप एक छोटा सा काम करके एक उम्दा कंपनी का मोबाइल फोन हासिल कर सकते हैं जो स्मार्ट फोन होगा।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। अगर आप स्मार्ट फोन की चाहत रखते हैं और वह भी मुफ्त में तो आपको यह खबर जरूर पढ़नी चाहिए। दरअसल, सोमवार से शुरू हुए स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम (North Delhi Municipal Corporation) ने प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगता में विजयी होने पर दिल्ली के लोगों को स्मार्ट मोबाइल फोन मिल सकता है। कुलमिलाकर आप एक छोटा सा काम करके एक उम्दा कंपनी का मोबाइल फोन हासिल कर सकते हैं, जो स्मार्ट फोन होगा।
आपको करना होगा ये काम
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जय प्रकाश (North Delhi Municipal Corporation Mayor Jai Prakash) ने बताया कि इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्म ट्विटर, फेसबुक और इंस्ट्राग्राम पर 14 दिन स्वच्छता से जुड़ी छह गतिविधियों की तस्वीरें साझा करनी होगी। इसमें घर के कचरे को गीले, सूखे और खतरनाक कचरे को अलग-अलग करना। गीले कचरे को घर पर ही खाद में परिवर्तित करना, प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से बचना। कचरे को कम करना, पुन: उपयोग और पुन:चक्रित करने के साथ स्वच्छ सर्वेक्षण के लोगो के साथ सेल्फी साझा करना होगा।
महापौर जयप्रकाश ने आगे बताया कि निगम के हैंडल को टैग करके ये तस्वीरें साझा करनी होंगी। हर क्रिया के 10 अंक मिलेंगे। साथ ही लाइक और कमेंट पर अतिरिक्त नंबर मिलेंगे। इसमें सर्वाधिक अंक पाने वाले को एक स्मार्ट फोन दिया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद दिल्ली के तीनों नगर निगमों (उत्तरी दिल्ली नगर निगम, पूर्वी दिल्ली नगर निगम और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम) ने 'गंदगी भारत छोड़ो' अभियान चला रहा है। इसके तहत दिल्ली को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया गया है। पिछले साल अगस्त महीने में ही निगममुख्यालय सिविक सेंटर में इसको लेकर दिल्ली के तीनों महापौर ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर इस अभियान का एलान किया था। वहीं, उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने कहा था कि इस अभियान के तहत प्रत्येक क्षेत्र के स्थानों पर स्वच्छता का कार्य किया जाएगा जो विभिन्न कारणों से रोजमर्रा की साफ-सफाई में छूट जाते हैं। ऐसे स्थानों पर स्वच्छता कर्मियों की नियुक्ति कर इन स्थानों को स्थायी रुप से स्वच्छ रखने की व्यवस्था की जाएगी।
दिल्ली से गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ जाने वालों के लिए खुशखबरी, फ्लाईओवर की एक लेन से शुरू हुआ सफर