प्रधानमंत्री आवास पर केजरीवाल ने किया था प्रदर्शन, कोर्ट ने किया आरोप मुक्त
कोयला घोटाला मामले में 26 अगस्त 2012 को केजरीवाल और अन्य ने सिंह के आवास के समक्ष प्रदर्शन किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और छह अन्य को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 2012 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास के सामने प्रदर्शन करने के मामले में आरोप मुक्त कर दिया है। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल ने यह आदेश दिया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार कोयला घोटाला मामले में 26 अगस्त 2012 को केजरीवाल और अन्य ने सिंह के आवास के समक्ष प्रदर्शन किया था और उन्हें रोकने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया गया जिसके बाद प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने के लिए कई चक्र आंसू गैस के गोले छोड़े थे। कुछ असामाजिक तत्वों ने बाद में डंडे से पुलिस पर हमला भी किया था।
मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 147 (बलवा), 148 (घातक हथियार के साथ बलवा) और 149 (गैरकानूनी तरीके से एकत्र होना) के तहत उन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।