दयालपुर इलाके में बारिश से गिरा छत का हिस्सा, पांच लोग हुए घायल
छत के मलबे की चपेट में आने से किराये पर रहने वाले एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। आठ वर्षीय बच्ची समेत पांच घायलों को जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। दयालपुर इलाके में बारिश के कारण एक मकान की जर्जर छत का कुछ हिस्सा टूट कर गिर गया। छत के मलबे की चपेट में आने से किराये पर रहने वाले एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। आठ वर्षीय बच्ची समेत पांच घायलों को जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित वसीम के बयान पर पुलिस ने मकान मालिक हुसैन मोहम्मद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छत हो चुकी थी जर्जर
जानकारी के अनुसार वसीम अपने परिवार के साथ राजीव गांधी नगर में दो मंजिला मकान में किराये पर रहते हैं। प्रथम तल पर वह अपने परिवार के साथ रहते हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर उनके पिता व उनकी शादीशुदा बहन अपने परिवार के साथ रहती है। वहीं भू-तल पर मकान मालिक हुसैन अपने मोहम्मद अपने परिवार के साथ रहता है। वसीम ने पुलिस को बताया कि मकान की छत काफी जर्जर हो चुकी थी।
बारिश के कारण छत पर भरा पानी
छत पर बारिश के कारण छत पर पानी भर जाता था। पिछले तीन दिनों से रुक - रुक कर बारिश होने की वजह से छत पर पानी भरा हुआ था। उन्होंने मकान मालिक से कहा था कि वह छत को ठीक करवा दें, इस पर मकान मालिक ने उनसे कहा कि उनका मकान बिल्कुल सही है।
एक हिस्सा गिरने से मचा हड़कंप
शनिवार शाम सात बजे वसीम व उनके परिवार के बाकी किरायेदार अपने कमरे में थे। उसी दौरान बारिश के वक्त छत का कुछ हिस्सा अचानक गिर गया, मलबे में वसीम, उनके पिता सलीम, पत्नी रूबी, बहन तरन्नुम, भांजी महक दब गए। छत का हिस्सा गिरने से हड़कंप मच गया, पड़ोसियों ने किसी तरह से उन्हें निकाला और अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस पीड़ितों से बात कर मामले की जांच कर रही है।