केजरीवाल सरकार की लापरवाही से उत्पन्न हुआ आक्सीजन संकट : भाजपा
भाजपा नेताओं ने सरकार से पूछा है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा आक्सीजन आडिट की बात करने पर यहां मांग कैसे घट गई? उन्होंने अस्पतालों में आक्सीजन आपूर्ति रोकने पीएम केयर्स फंड से मंजूरी के बावजूद आक्सीजन संयंत्र नहीं लगाने और आक्सीजन वापस करने पर सरकार से जवाब मांगा है।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। दिल्ली में हुए आक्सीजन संकट के लिए भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उसका कहना है कि अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए आप सरकार जनता को गुमराह करने और केंद्र सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रही है। भाजपा नेताओं ने सरकार से पूछा है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा आक्सीजन आडिट की बात करने पर यहां मांग 976 टन से घटकर 582 टन कैसे हो गई? उन्होंने अस्पतालों में आक्सीजन आपूर्ति रोकने, पीएम केयर्स फंड से मंजूरी के बावजूद आक्सीजन संयंत्र नहीं लगाने और कंपनियों को आक्सीजन वापस करने पर सरकार से जवाब मांगा है।
सरकार सही वितरण करने में असफल रही : आदेश गुप्ता
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने प्रेसवार्ता में कहा कि प्रति व्यक्ति खपत के हिसाब से दिल्ली को अन्य राज्यों की तुलना में ज्यादा आक्सीजन आपूर्ति की गई, इसके बावजूद सरकार सही वितरण करने में असफल रही। सच्चाई सामने आने के डर से सुप्रीम कोर्ट में सरकार आक्सीजन आडिट का विरोध करती रही। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने बगैर कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए एक कंपनी को 28 अस्पतालों में आक्सीजन आपूर्ति करने से रोक दिया था यह अपराध है। उनकी लापरवाही से कई मरीजों की जान चली गई। केजरीवाल अपने को दिल्ली का मालिक बोलते हैं, इसलिए इनके खिलाफ आपराधिक लापरवाही का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
पत्र का सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया : रामवीर सिंह बिधूड़ी
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक साल पहले केजरीवाल सरकार को पत्र लिखकर आक्सीजन से संबंधित जानकारी मांगी थी, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया गया। पांच जनवरी को आठ आक्सीजन संयंत्र लगाने की मंजूरी मिलने के बावजूद सरकार ने इसके लिए नौ अप्रैल को नोडल अधिकारी की नियुक्ति की है। इससे पता चलता है कि केजरीवाल सरकार कोरोना से लड़ाई को लेकर गंभीर नहीं है।
लाने और रखने की व्यवस्था नहीं कर सके केजरीवाल : मनोज तिवारी
पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल सरकार की मांग के अनुरूप केंद्र सरकार ने आक्सीजन आवंटित किया, लेकिन इसे लाने और रखने की व्यवस्था नहीं कर सके। कंपनियों को आक्सीजन वापस कर दिए गए। सरकार के कुप्रबंधन से यह समस्या उत्पन्न हुई। व्यवस्था सुधारने की जगह आप सरकार का ध्यान कालाबाजारियों को बचाने पर था। मुख्यमंत्री के करीबी नवनीत कालरा को दिल्ली पुलिस ने आक्सीजन की कालाबाजारी के आरोप में गिरफ्तार किया है। अन्य आप नेताओं को भी नोटिस दिया गया है।
मुख्यमंत्री को बताना चाहिए दिल्ली में कब लगेंगे 44 आक्सीजन संयंत्रः प्रवेश वर्मा
सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री ने एक माह के अंदर 44 आक्सीजन संयंत्र लगाने की घोषणा की थी। उन्होंने आक्सीजन आपूर्ति के लिए बैंकाक से 18 क्रायोजेनिक टैंकर और फ्रांस से 21 आक्सीजन संयंत्र लाने और ओडिशा से हवाई मार्ग से आक्सीजन लाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि उनकी घोषणा का क्या हुआ?