जाफराबाद में युवक ने चलाई गोलियां, तीन गंभीर रूप से घायल
जाफराबाद इलाका मंगलवार को दिनदहाड़े गोलियों की आवाज़ से गूंज उठा। एक युवक ने दो सगे भाइयों समेत एक अन्य व्यक्ति को गोलियां मार दी। तीनों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। जाफराबाद इलाका मंगलवार को दिनदहाड़े गोलियों की आवाज़ से गूंज उठा। एक युवक ने दो सगे भाइयों समेत एक अन्य व्यक्ति को गोली मार दी। जख्मी हालत में मोहम्मद अरशद (36), सलमान (25) और तालिब (25) को पड़ोसियों ने जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया, सभी का इलाज चल रहा है। दो की हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना पीड़ित के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, आरोपित साकिब की तलाश में पुलिस जगह जगह छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित मोहम्मद अरशद अपने परिवार के साथ मकान नम्बर 1030 गली नम्बर 33 जाफराबाद में रहते हैं। परिवार में पत्नी व दो बच्चें हैं। सलमान, अरशद का छोटा भाई है जो उनके साथ घर में रहता है।
अरशद अपने घर के नीचे ही रेडीमेड गारमेंट की दुकान चलाते हैं। साकिब दुकान पर सहायक का काम करता है और 33 नम्बर गली में ही रहता है। आरोपित साकिब पीड़ित के बगल वाले घर में अपने परिवार के साथ रहता है। मंगलवार 11 बजे साकिब किसी बात को लेकर अरशद के साथ झगड़ने लगा। कहासुनी के बाद साकिब घर पर चला गया और वहां से पिस्टल लाकर पहले सलमान के पैर में गोली मारी, बीच बचाव करवाने आए अरशद के भी जांग में गोली मार दी। जब तालिब ने साकिब को रोकने की कोशिश की तो उसके पैर में भी गोली मार दी।
अरशद ने बताया कि सुबह 11 बजे वह जिम करके अपनी दुकान पर आए, कुछ समय के बाद वह घर का सामान लेने के लिए दुकान से निकले तो वही पर साकिब हाथ मे डंडा लेकर खड़ा था और उसने उनके साथ गाली गलौच शुरू कर दी। इसपर अरशद ने आपत्ति जताई, दोनों में कहासुनी हो गईं। शोरशराबा सुनकर गली में भीड़ जमा हो गई।
इस बीच साकिब ने धमकी दी की वो उन्हें जान से मार देगा, यह कहकर वह अपने घर चला गया। वहां से पिस्टल लाकर उसने पहले सलमान को गोली मारी फिर अरशद को और उसके बाद तालिब के। सलमान के पैर में गोली फंस गई, ऑपरेशन के बाद गोली निकाली गई। जबकि अरशद और तालिब के पैर से गोली पार हो गई।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि साकिब का जैकेट का काम है, उसने घर के नीचे कारखाना खोला हुआ है। यहां पर सिलाई की मशीनें लगा रखी है। वह पूरी रात कारखाना चलाता है, मशीनों के शोर से लोग सो भी नहीं पाते। तीन वर्ष पहले भी गली के लोगों ने साकिब की शिकायत जाफराबाद थाने में की थी, लिखित समझौते में साकिब ने कहा था कि वह दिन में ही मशीनें चलाएगा।
कुछ समय बाद फिर से रात में कारखाना चलाने लगा। लोगों ने बताया कि घटना स्थल से 3 गली दूर मुख्य रोड पर जाफराबाद थाना बना हुआ है। इलाके में बदमाशों का दुसाहस बढ़ता जा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दो लोगों को गोली लगी है, साकिब के गोली लगी है या कोई नोकीली चीज़ लगी है। इसका पता मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है, जल्द पकड़ा जाएगा।