नरेला में आपसी रंजिश में शख्स को मारी गोली, पुलिस जांच में जुटी
नरेला के खेड़ा खुर्द गांव में शुक्रवार रात आपसी रंजिश के चलते कुछ हमलावरों ने एक शख्स को गोली मार दी।
नई दिल्ली, अंकुर अग्निहोत्री। नरेला के खेड़ा खुर्द गांव में शुक्रवार रात आपसी रंजिश के चलते कुछ हमलावरों ने एक शख्स को गोली मार दी। घायल को अस्पातल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालात नाजुक बताई जा रही है। घायल शख्स की पहचान भीम सिंह के रूप में हुई है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरारा हो गए। मान सिंह भीम सिंह
पुलिस ने दर्ज किया मामला
भीम सिंह के बेटे के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि सूचना के मुताबिक, पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। एसीपी नीरव पटेल ने आरोपितों की धड़पकड़ के लिए टीम गठित कर दी है। सभी आरोपित गांव के ही बताये जा रहे हैं।
पिता के सीने और कमर से निकल रहा था खून
शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे बेटे रितिक के पास पिता भीम सिंह का फोन आया। फोन में भीम सिंह ने कहा कि उन्हें गोली मार दी गई है। यह सुनकर रितिक अपने परिवार के साथ घर से बाहर आए तो देखा गांव के ही कुछ लोग उनके पिता को पकड़े हुए थे। पिता के सीने व कमर पर काफी खून निकल रहा था, जिसे देखकर परिजन डर गए।
गांव के ही लड़के ने मारी गोली
रितिक ने जब भीम सिंह से पूछा कि यह कैसे हो गया तो उन्होंने बताया कि गांव के लड़के ने गोली मार दी है। उसके साथ दो लड़के और भी थे। इसके बाद गांव वालों की मदद से भीम सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रितिक का आरोप है कि आरोपितों से पहले से ही विवाद चला आ रहा है। पांच दिन पहले पिता के साथ प्लॉट के विवाद को लेकर गाली-गलौच की गई थी। आरोपित ने उस समय पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक