UP: 4 साल में 1000 से अधिक लूट की वारदात, ऐसे पुलिस की गिरफ्त में आया बदमाश
पुलिस ने साहिबाबाद से मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी चार साल में एक हजार से अधिक लोगों को लूट चुका है।
गाजियाबाद, जेएनएन। साहिबाबाद के लिंक रोड थाना पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। शुक्रवार रात साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट चार से मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बदमाश पिछले 4 साल से चेन स्नेचिंग और लूट की घटना को अंजाम दे रहा था।
बदमाश ने 4 साल के दौरान 1000 से अधिक लूट की घटना को अंजाम दिया है। घायल बदमाश को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लिंक रोड थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे साइट चार में मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना को अंजाम दिया ।
जानकारी मिलने पर पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची। तभी बदमाश ने वहां से गुजर रही एक महिला की चेन लूट ली वहां मौजूद एसओजी कॉन्स्टेबल ने बदमाश का पीछा किया। तो बदमाश ने उन पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए कॉन्स्टेबल ने फायरिंग की। गोली बदमाश के पैर में जाकर लगी।
पुलिस टीम ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाश किशन दिल्ली के शाहदरा इलाके का रहने वाला है। वह पिछले 4 साल से लूटपाट चुनौती चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दे रहा था। 4 साल के दौरान बदमाश ने 1000 से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। काफी समय से बदमाश की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।