Delhi: विवेक शर्मा को बदरपुर कांग्रेस महासचिव बनाने पर विवाद, फिर सामने आयी गुटबाजी
एआइसीसी सदस्य ओमप्रकाश विधूड़ी ने इसके विरोध में खुलकर सामने आ गए हैं। उनका कहना है कि बदरपुर जिले का स्तर हद से ज्यादा नीचे गिर गया है। बीते एक साल में यहां ऐसे ऐसे लोगों को जिले की चिट्ठी दे दिया गया जिन्हें पड़ोसी तक नहीं जानते।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। करावल नगर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष ए आर जोशी द्वारा तीन ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति किए जाने का विवाद थमा भी नहीं है कि बदरपुर जिला अध्यक्ष विष्णु अग्रवाल द्वारा विवेक शर्मा को जिला महासचिव बनाने पर विवाद खड़ा हो गया है। कहा जा रहा है कि अगर बूथ स्तर के कार्यकर्ता को जिले में पद दे दिया जाएगा तो बूथ पर कौन काम करेगा?
पूर्व प्रदेश महासचिव एवं एआइसीसी सदस्य ओमप्रकाश विधूड़ी ने इसके विरोध में खुलकर सामने आ गए हैं। उनका कहना है कि बदरपुर जिले का स्तर हद से ज्यादा नीचे गिर गया है। बीते एक साल में यहां ऐसे ऐसे लोगों को जिले की चिट्ठी (जिले में विभिन्न पद ) दे दिया गया, जिन्हें पड़ोसी तक नहीं जानते। आखिर ऐसे कैसे पार्टी मजबूत होगी? जिले में दलित और अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उन्होंने आलाकमान से बदरपुर जिले के पुनर्गठन की भी मांग कर डाली है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी जिला अध्यक्ष और जिले की बदहाली को लेकर विरोध शुरू हो गया है।
ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने पर जिलाध्यक्ष को नोटिस
इससे पहले करावल नगर जिलाध्यक्ष एआर जोशी ने प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी को बताए बगैर अपने स्तर पर ही तीन ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी थी। उन्हें नियुक्ति पत्र भी जारी कर दिए गए। सूत्रों का कहना है कि जोशी ने प्रदेश उपाध्यक्ष अली मेहंदी, पार्टी नेता कप्तान सिंह व उनकी पार्षद पत्नी अमरलता सांगवान की शह पर यह कदम उठाया। अब जैसे ही यह मामला खुला, प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्ति करने के लिए उनके पास किसकी स्वीकृति है, कार्यालय में उसकी कॉपी जमा कराएं।
करावल नगर जिलाध्यक्ष एआर जोशी ने तीन ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किए हैं। उन्हें नोटिस जारी कर पूछा गया है कि किसकी अनुमति पर उन्होंने ऐसा किया है। इससे पहले किसी भी ब्लॉक अध्यक्ष को मान्यता नहीं दी जा सकती है। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) को भी इस बात की जानकारी दे दी है। एआइसीसी ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। अगले कुछ दिनों में इन पर कार्रवाई भी की जा सकती है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो