Delhi Electric Vehicle: लोगों के लिए खुशखबरी, चार्जिंग प्लाजा में अब निजी वाहन भी किए जा सकेंगे चार्ज
Delhi Electric Vehicle रफी मार्ग पर फास्ट चार्जिंग की व्यवस्था है इसलिए यहां पर 30 से 120 मिनट के भीतर वाहनों को चार्ज किया जा सकता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Electric Vehicle: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इलेट्रिक वाहनों (E-Vehicle) को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन ससबे ज्यादा दिक्कत इसकी बैटरी की चार्जिंग की है। ऐसे वाहनों को चार्ज करने में लोगों को परेशानी न हो इसके लिए अब सभी चार्जिग प्लाजा आम लोगों के लिए खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही रफी मार्ग पर एक साथ नौ वाहनों को चार्ज करने की क्षमता वाला पहला चार्जिंग प्लाजा भी सोमवार को शुरू कर दिया गया है।
नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (New Delhi Municipal Council) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रफी मार्ग पर बनाए गए इस चार्जिंग प्लाजा में पांच डीसी (डायरेक्ट करंट) चार्जर लगाए गए हैं। इनसे 9 ई-वाहनों को एक साथ चार्ज किया जा सकेगा। यहां वाहन चार्ज करने के लिए इलेक्ट्रीफाई एप से वाहन चालक को पहले बुकिंग कराकर समय लेना होगा। इसी एप के माध्यम से चार्जिंग शुल्क भी भर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में कनॉट प्लेस सहित अन्य कई स्थानों पर भी ऐसे चार्जिंग प्लाजा बनाए गए हैं। रफी मार्ग पर फास्ट चार्जिंग की व्यवस्था की गई है, इसलिए यहां पर 30 से 120 मिनट के भीतर वाहनों को चार्ज किया जा सकता है।
वहीं, नगर निगम के अधिकारी ने कहा कि वैसे तो एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस, खान मार्केट, गोल मार्केट, यशवंत प्लेस जैसे स्थानों पर 100 ई-चार्जिंग प्वाइंट बनाए हैं। 50 और स्थानों पर चार्जिग प्लाजा बनाए जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि एनडीएमसी 35 तो दक्षिणी निगम 70 के करीब ई-वाहनों का उपयोग कर रहा है। पहले इन्हीं वाहनों को चार्ज किया जाता था, लेकिन एनडीएमसी ने अब आम लोगों को भी वाहन चार्ज करने की सुविधा दे दी है।
बता दें कि दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दिल्ली वाहन पॉलिसी का एलान किया, जिसमें कई तरह की छूट दी गई हैं।