मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश अरुण नागर गिरफ्तार
रोहित चौधरी के गिरोह के बदमाश पर हत्या सहित सात मुकदमें दर्ज हैं। कई मामलों में वह वांछित था। पुलिस द्वारा चलाई गई एक गौली बदमाश के पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
नई दिल्ली [संतोष शर्मा]। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार की रात मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश अरुण नागर को दबोच लिया। रोहित चौधरी के गिरोह के बदमाश पर हत्या सहित सात मुकदमें दर्ज हैं। कई मामलों में वह वांछित था। पुलिस द्वारा चलाई गई एक गौली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहां, उसका इलाज चल रहा है। वहीं, बदमाश की चलाई गोली एक एसआई को लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह बाल बाल बच गए। पुलिस ने घटना स्थल से एक पिस्टल, 10 कट्टा व करातूस सहित एक आइ-20 कार बरामद की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम काफी समय से कुख्यात बदमाश रोहित चौधरी के गिरोह के बारे में जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान गत बुधवार की रात पुलिस ने प्रगति मैदान के पास मुठभेड़ के बाद रोहित चौधरी और उसके साथी टीटू को गिरफ्तार किया था। पुलिस को इस गिरोह के अन्य बदमाश अरुण नागर के शुक्रवार की रात दक्षिण दिल्ली के डेरा मंडी इलाके में आने की सूचना मिली थी।
इसके बाद पुलिस की टीम ने रात करीब 7.25 बजे कार से आए बदमाश को घेर लिया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा। लेकिन अरुण पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारने के बाद वह पुलिस पर गोलियां चलाते हुए भागने लगा। इस बीच बदमाश की एक गोली एसआई हरबीर के सीने में लगी। लेकिन, बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वे बच गए। वहीं, जवाब में पुलिस ने भी बदमाश पर गोलियां चलाई। इसमें पैर में गोली लगने से अरुण घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस की टीम ने उसे धर दबोच। तलाशी लेने पर उसकी कार से एक पिस्टल, 10 कट्टे और कारतूस इत्यादि बरामद हुए। बदमाश हथियार अपने साथियों को पहुंचाने जा रहा था।