उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जय प्रकाश कोरोना पॉजीटिव, घर में आइसोलेट
उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश कोरोना पॉजीटिव पाये गए हैं। शनिवार को जय प्रकाश की तबीयत खराब हो गई थी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश कोरोना पॉजीटिव पाये गए हैं। शनिवार को जय प्रकाश की तबीयत खराब हो गई थी। महापौर ने फेसबुक पर बताया था कि वह शनिवार से अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं। इसे देखते हुए उन्होंने अपने आप को घर पर ही आइसोलेट कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जय प्रकाश ने अपने संपर्क में लोगों से कोरोना जांच की अपील की है। फिलहाल हल्के लक्षण होने की वजह से महापौर को कोई परेशानी नही है।
आप नेता सुशील गुप्ता कोरोना पॉजिटिव
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता आरटीपीसीआर जांच में भी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। सुशील गुप्ता के पीए अब्दुल रहीम की भी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। गुप्ता ने हाल के दिनों में अपने संपर्क में आए सभी लोगों से क्वारंटाइन हो जाने के लिए अपील की है। उन्होंने कहा है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं वे अपना ध्यान रखें।
रैपिड टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद सांसद और उनके पीए की रविवार को आरटीपीसीआर जांच भी की गई थी। रिपोर्ट आ गई। दोनों लोगों ने कल से अपने को होम क्वारनटाइन कर लिया है। गुप्ता पिछले कुछ दिनों से हरियाणा के दौरे पर थे।
मास्क न पहनने पर 20 लोगों के चालान काटे गए
दिल्ली में लगातार कोरोना के बढ़ते मरीजों के बीच नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसके लिए अब सार्वजनिक स्थलों पर थूकने के साथ बिना मास्क के घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी है। इसको लेकर रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद नई दिल्ली सांसद मीनाक्षी लेखी, एनडीएमसी के चेयरमैन धर्मेंद्र, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने नेहरू पार्क में चालान की कार्रवाई की। इसके अलावा नागरिकों को जागरूक भी किया।
नहेरू पार्क में 20 लोगों के मास्क न पहनने पर चालान काटे गए। प्रत्येक से 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान मीनाक्षी लेखी ने नेहरू पार्क को सैनिटाइज करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने व सभी पार्को के मुख्य प्रवेश द्वार पर मास्क बिक्री का भी सुझाव दिया।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो