अस्पताल से भागने वाले 23 मरीजों को निगम ने ढूंढा, चार की हो गई है मौत
अस्पताल से मरीजों के भागने की घटना को दैनिक जागरण ने उजागर किया था। जिसे 8-9 मई के अंक में प्रकाशित किया गया था। मरीजों के भागने के मामले ने इतना तूल पकड़ लिया था कि उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसके जांच के आदेश दे दिए थे।
नई दिल्ली [निहाल सिंह]। उत्तरी निगम के बाड़ा हिंदूराव अस्पताल से भागने वाले 23 मरीजों का पता लगा लिया है। 23 में 19 मरीज अस्पताल के वार्ड में शिफ्ट करने से पहले ही बिना बताए चले गए थे। निगम की जांच में पता चला हैै चार मरीजों को अस्पताल से उपचार के बाद छुट्टी गई थी। जो कि गलती से भागने या बिना बताए जाने वाले मरीजों के आंकड़े में दर्ज हो गए थे। वहीं, 19 में चार मरीजों की अब मौत हो चुकी है। जबकि यह दूसरे अस्पतालों में इलाज लेकर घर आ गए थे लेकिन बाद में इनकी विभिन्न कारणों से मृत्यु हो गई।
उल्लेखनीय है कि अस्पताल से मरीजों के भागने की घटना को दैनिक जागरण ने उजागर किया था। जिसे 8-9 मई के अंक में प्रकाशित किया गया था। मरीजों के भागने के मामले ने इतना तूल पकड़ लिया था कि उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसके जांच के आदेश दे दिए थे।
उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाशन ने बताया कि जैसे ही 23 मरीजों के बिना बताए अस्पताल से जाने की सूचना मिली तो उन्होंने इस संबंध में आंतरिक जांच के आदेश देकर रिपोर्ट देने को कहा था। अब उन्हें इस मामले की रिपोर्ट मिल गई है। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को हिंदूराव अस्पताल को कोविड केयर अस्पताल के रुप में शुरू किया गया था। उस दिन बड़ी संख्या में मरीज दाखिल होने के लिए अस्पताल पहुंच गए थे।
इसमें आपातकालीन वार्ड में उपचार के बाद दाखिला लेने का निर्णय लिया गया। इसमें 12 मरीज 18 अप्रैल को तो सात मरीज 19 अप्रैल को वार्ड में शिफ्ट करने से पूर्व ही बिना बताए चले गए। बहुत से मरीज आक्सीजन युक्त बेड की तलाश कर रहे थे। जिसमें उन्हें दूसरे अस्पतालों में यह मिल गया तो वह बिना बताए ही चले गए। हालांकि जिन चार मरीजों की मौत हुई है वह उपचार के बाद घर आ गए थे, लेकिन विभिन्न कारणों से उनकी मृत्यु की जानकारी मिली है।
आप पर साधा निशाना
उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने आम आदमी पार्टी (आप) को इस मुद्दे पर राजनीति करने पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत संवेदनशील मुद्दा है। इस पर आप द्वारा राजनीति करना दुखद है। उन्होंने कहा कि हमें किसी भी तरह के राजनीतिक मुद्दों में नहीं पड़ना चाहते हैं हम बस नागरिकों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं।