Delhi Weather Update: 4 दिन तक गर्मी-उमस से राहत नहीं, जानिये- दिल्ली में मानसून को लेकर कब होगी स्थिति साफ
Delhi Weather Update मानसून के लंबे होते इंतजार के बीच अगले चार दिन दिल्ली वासियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। 25 तक मौसम गर्म और शुष्क ही रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान हल्की बारिश होने के भी आसार नहीं है।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। मानसून के लंबे होते इंतजार के बीच अगले चार दिन दिल्ली वासियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। 25 तक मौसम गर्म और शुष्क ही रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान हल्की बारिश होने के भी आसार नहीं है। इसके विपरीत नमी भरी हवाएं उमस बढ़ाएंगी। तापमान भी बढ़कर 39 डिग्री तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 25 जून तक लोगों को उमस भरी चिपचिपी गर्मी परेशान करेगी। इस बीच अधिकतम तापमान बढ़कर 39 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रह सकता है। 26 जून को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में मानसून को लेकर 26 जून को लेकर साफ होगी स्थिति
वहीं दूसरी तरह मानसून को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि इसकी रफ्तार काफी धीमी हो गई है। लिहाजा, इसके दिल्ली पहुंचने में अभी कुछ समय लग सकता है। 26 जून को ही मानसून की दस्तक को लेकर तस्वीर कुछ साफ हो पाएगी।
इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 45 से 87 फीसद रहा। 38.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ नजफगढ़ दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा।
सोमवार को भी साफ रही एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर की हवा रविवार को भी साफ ही रही। सभी जगह का एयर इंडेक्स एक सौ से नीचे यानी संतोषजनक श्रेणी में दर्ज किया गया। मंगलवार को भी इसमें खास बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि तेज आंधी चलने से हवा में धूल के कण मिल सकते हैं, लेकिन इसका अधिक प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली का एयर इंडेक्स 84 दर्ज किया गया। फरीदाबाद का 70, गाजियाबाद का 92, ग्रेटर नोएडा का 65, गुरुग्राम का 74 और नोएडा 70 दर्ज हुआ।