नीदरलैंड की संस्था कूड़े से बनाएगी बिजली, प्रोजेक्ट पर किया जा रहा है विचार
निर्मल हिंडन अभियान में काम कर रही नीदरलैंड की संस्था जीसी के निदेशक मंडल ने नगर आयुक्त से मिलकर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर प्रस्ताव दिया है।
गाजियाबाद [जेएनएन]। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए वेस्ट टु एनर्जी प्लांट लगाने की पेशकश नीदरलैंड की एक संस्था ने नगर निगम के अधिकारियों से की है। निर्मल हिंडन अभियान में काम कर रही नीदरलैंड की संस्था जीसी के निदेशक मंडल ने नगर आयुक्त से मिलकर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर प्रस्ताव दिया है।
कूड़े से बिजली बनाने का प्लांट
संस्था की ओर से तीन सदस्यीय सदस्यों ने मेरठ मंडल के कमिश्नर डा. प्रभात कुमार सिंह से गाजियाबाद में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर काम करने के लिए पेशकश की। कमिश्नर ने नगर आयुक्त सीपी सिंह के पास संस्था के पदाधिकारियों को भेजा। संस्था की ओर से निदेशक टेरेस जेनिंग और एना लिननका ने बताया कि शहर से निकलने वाले कूड़े से वह बिजली बनाने का प्लांट लगाना चाहते हैं।
20 एकड़ जमीन मुहैया कराने की मांग
इस प्लांट को लगाने में आने वाली लागत करीब एक हजार करोड़ रुपये भी संस्था वहन करेगी। इसके लिए नगर निगम से 20 एकड़ जमीन मुहैया कराने की मांग की गई। नगर आयुक्त सीपी सिंह के साथ करीब दो घंटे की बैठक हुई। बैठक में निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। निर्मल हिंडन अभियान में संस्था के पदाधिकारी सफाई अभियान चला रहे हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि पेशकश पर विचार किया जाएगा। संस्था से प्रोजेक्ट की पूरी डिटेल मांगी गई है।
संस्था से मांगी गई है डिटेल
नगर आयुक्त सीपी सिंह ने कहा कि नीदरलैंड की एक संस्था के पदाधिकारियों ने मुलाकात की है। सॉलिड वेसट मैनेजमेंट पर काम करने के इच्छा जाहिर की है। वेस्ट टु एनर्जी प्लांट लगाने के लिए 20 एकड़ जमीन की मांग की गई है। प्रोजेक्ट पर विचार किया जाएगा। पूरी डिटेल संस्था से मांगी गई है। संस्था से प्रजेंटेशन देने के लिए दोबारा बुलाया गया है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर योजनाओं पर काम शुरू हो गया है। उम्मीद है कि शहर को कूड़े की समस्या से निजात दिलाने के लिए जल्द ही बड़ा कदम उठाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: भारत को विश्व में चिकित्सा स्थल के रूप में विकसित कर रही सरकार: राजनाथ सिंह