कृष्णानगर में ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या
कृष्णानगर इलाके में एक ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
दिल्ली, जेएनएन। कृष्णानगर इलाके में एक ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और जख्मी ऑटो चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान रोहित (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लिया है। इसमें वारदात कैद हुई है। पुलिस उपायुक्त मेघना यादव ने लूटपाट की आशंका को खारिज किया है। इस मामले में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
रोहित परिवार के साथ दस ब्लॉक, गीता कॉलोनी में रहते थे। कृष्णानगर ए ब्लॉक में सवारी को पहुंचाने गए थे। ऑटो के पीछे ही मोटरसाइकिल पर हेलमेट पहने दो बदमाश पहुंचे। रोहित सवारी को छोड़कर घर की ओर बढ़े। इस दौरान एक बदमाश ने चलते ऑटो में नजदीक से रोहित के सिर में गोली मार दी।
गोली लगने से ऑटो अनियंत्रित हो गया और दीवार से टकरा गया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। करीब 15 मिनट बाद एक महिला ने पुलिस को फोन कर बताया कि उनकी दीवार में एक ऑटो ने टक्कर मार दी है। ऑटो चालक जख्मी हालत में नाली में पड़ा है।
पुलिस मौके पर पहुंची और रोहित को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रोहित के कान के पास सिर में गोली मारी गई थी, जो आरपार हो गई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस इस मामले में बुलंदशहर, उप्र निवासी निखिल नामक एक युवक को तलाश रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में जो युवक गोली चलाता दिख रहा है, वह निखिल है। निखिल रोहित की पत्नी को शादी से पहले से जानता था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद भी वह मिलता-जुलता था। रोहित की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। फिलहाल पुलिस रोहित की पत्नी से पूछताछ कर रही है।