जगतपुरी में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, चेकिंग के लिए रोकने पर की फायरिंग
गिरफ्तार बदमाश का नाम सलीम है। उस पर हत्या, हत्या का प्रयास व लूट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी।
नई दिल्ली (जेएनएन)। जगतपुरी इलाके में मंगलवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाश ने चेकिंग के लिए रोकने पर भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास लोगों में भगदड़ मच गई। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार बदमाश का नाम सलीम है। उस पर हत्या, हत्या का प्रयास व लूट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी। मंगलवार सुबह पुलिस पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में कड़कड़ी मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया। पकड़े जाने के डर से सलीम ने चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर सरेराह फायरिंग शुरू कर दी। उसने कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली एक पुलिसकर्मी के बुलेट प्रूफ जैकेट में लग गई।
जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की एक गोली सलीम के पैर में लग गई। गोली लगते ही सलीम स्कूटी लेकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से उसकी स्कूटी व पिस्टल जब्त कर ली है। घायल बदमाश को इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।