Amar Singh: छतरपुर श्मशान घाट में हुआ अंतिम संस्कार, बेटियों ने दी मुखाग्नि
Amar Singh कोविड-19 प्रोटोकॉल के चलते अमर सिंह के अंतिम संस्कार में बहुत कम संख्या में लोग पहुंचे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Amar Singh: राज्यसभा सदस्य अमर सिंह के पार्थिव शरीर का सोमवार सुबह छतरपुर श्मशान घाट में अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान अमर सिंह की दोनों बेटियों ने पिंडदान किया और फिर मुखाग्नि भी दी। कोविड-19 प्रोटोकॉल के चलते अमर सिंह के अंतिम संस्कार में बहुत कम संख्या में लोग पहुंचे। अंतिम संस्कार के दौरान जब दोनों बेटियों ने अमर सिंह के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी तो यहां माहौल बेहद भावुक हो गया। वहां मौजूद सभी लोगों ने नम आंखों से भारतीय राजनीति के दिग्गज नेताओं में शुमार अमर सिंह को विदाई दी। अंतिम विदाई के दौरान परिवार के करीबियों में पत्नी पंकजा के अलावा कई नेता भी पहुंचे थे।
बता दें कि अमर सिंह के पार्थिव शरीर को रविवार शाम सिंगापुर से दिल्ली लाया गया था। उनका शनिवार को सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनका किडनी से जुड़ी बीमारियों का इलाज चल रहा था। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता का 2011 में किडनी प्रत्यारोपण हुआ था और वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अमर सिंह का हाल के दिनों में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। इससे पहले 2013 में अमर सिंह की किडनी खराब हो गई थी। अमर सिंह यूपी की राजनीति में एक बड़े नेता थे। एक समय समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं में थे।
अमर सिंह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे। शनिवार को मौत की खबर आने से कुछ ही घंटे पहले उन्होंने दो ट्वीट किए थे। जिसमें पहले ट्वीट में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी थी और वहीं दूसरे ट्वीट में लोगों को बकरीद की बधाई दी थी।