Delhi Weather Forecast: ठंडी में गर्मी का अहसास, अधिकतम तापमान ने तोड़ा 10 सालों का रिकॉर्ड
Delhi Weather Forecast मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ रहने और तेज धूप खिलने के कारण दिन के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज हो रही है। हवा उत्तर-पश्चिमी चल रही है लेकिन उसकी गति शांत है। लिहाजा इस सप्ताह ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर का मौसम तेजी से बदल रहा है। दिन में रोजाना खिल रही धूप के बीच मौसम में गर्माहट आनी शुरू हो गई है। अधिकतम तापमान में भी लगातार इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को ठंड बेहद हल्की महसूस हो रही है। न्यूनतम और अधिकतम दोनों ही तापमान में इजाफा हुआ है। वहीं, इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान ने दस सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सुबह और शाम के समय ठंडक बरकरार है। अभी कुछ दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। 2012 से 2021 के दौरान पिछले एक दशक में 10 फरवरी के दिन इतना अधिक तापमान कभी दर्ज नहीं हुआ। पीतमपुरा और नजफगढ़ में तो न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री अधिक क्रमश: 14.4 और 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 36 से 100 फीसद दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ रहने और तेज धूप खिलने के कारण दिन के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज हो रही है। हवा उत्तर-पश्चिमी चल रही है, लेकिन उसकी गति शांत है। लिहाजा इस सप्ताह ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार को सुबह हल्का कोहरा होगा जबकि अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 और 9 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
खराब और बहुत खराब श्रेणी में पहुंचा दिल्ली-एनसीआर का प्रदूषण
दिल्ली- एनसीआर की हवा खराब और बहुत खराब श्रेणी में ही बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 291 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 294, गाजियाबाद का 356, ग्रेटर नोएडा का 344, गुरुग्राम का 247 और नोएडा का 311 दर्ज किया गया। दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम की हवा खराब जबकि अन्य सभी जगहों की बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। दूसरी तरफ दिल्ली में पीएम-10 का स्तर 274 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर, जबकि पीएम 2.5 का स्तर 146 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। सफर इंडिया के मुताबिक अभी अगले तीन दिन वायु प्रदूषण की कमोबेश यही स्थिति बने रहने के आसार हैं।