गुरुग्रामः मतदान में पुरुषों से पीछे नही रहीं महिलाएं, दिखा जबरदस्त उत्साह
आंकड़े चाहे जो भी कहते हों लेकिन अगर बात करें गुरुग्राम की तो यहां पर आधी आबादी अपने मताधिकार के प्रयोग में जरा भी पीछे नजर नहीं आई।
गुरुग्राम [प्रियंका दुबे मेहता]। आंकड़े चाहे जो भी कहते हों लेकिन अगर बात करें गुरुग्राम की, तो यहां पर आधी आबादी अपने मताधिकार के प्रयोग में जरा भी पीछे नजर नहीं आई। सुबह से हर बूथ पर महिलाओं की बड़ी संख्या दिखी। मतदान के बाद बाहर निकली महिलाओं के चेहरों पर उत्साह की झलक साफ दिखाई पड़ रही थी।
पहली बार के वोटर से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक ने लाइन में लगकर मतदान किया। दोपहर के बाद तीखी धूप और धूल में लिपटी हवाएं भी महिलाओं के इस उत्साह को कम नहीं कर पा रही थीं। सुबह-सुबह सेक्टर-55 के मतदान केंद्रों पर पहले तो पुरुषों की लाइनें दिखीं लेकिन थोड़ा वक्त गुजरते ही महिलाओं के समूह पहुंचने लगे।
मतदाता लतिका पाहुजा ने कहा कि उन्होंने इस बार चुनावी माहौल को देखते हुए मतदान की प्रेरणा ग्रहण की और वोट देने का मन बनाया। अपना पहला वोट देने पहुंची नताशा शर्मा का कहना था कि उन्होंने तो महीनों पहले से ही मन बना लिया था कि वे इस बार वोट जरूर करेंगी। ऐसे में वे दाखिला लेने बाहर के प्रदेश अभी तक नहीं जा पाई और अब मतदान के बाद जाएंगी।
डीएलएफ फेज वन में बने मतदान केंद्र पर महिलाओं का जबरदस्त रुझान देखने को मिला। महिलाओं के आने का क्रम निर्बाध रूप से चलता रहा। सिविल लाइंस स्थित बाल विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर भी पहुंची अंजलि ने कहा कि उनके जन्मदिन के दिन मतदान दिवस होने से उन्हें बहुत खुशी हुई और उन्होंने अपने विवेक से सोच-समझ कर वोट दिया।
छात्रा पूजा अत्री के मुताबिक हर एक वोट मायने रखता है। ऐसे में किसी को भी मतदान में आलस्य नहीं करना चाहिए। उनके साथ आई सीमा अत्री ने कहा कि पहले वे वोट नहीं देती थी लेकिन इस बार देश में चुनाव का कुछ ऐसा माहौल बन गया था कि उन्हें भी वोट देने की प्रेरणा मिली।
सेक्टर-15 में बने मतदान केंद्र पर पहली बार के वोटर से लेकर 87 वर्ष तक की बुजुर्ग महिलाएं तक देखने को मिली। शहर भर में हर वर्ग की महिलाओं में वोटिंग को लेकर इस बार जो रुझान व उत्साह देखने को मिला, वह पहले नहीं दिखता था। इसकी वजह है कि इस बार महीनों से विभिन्न माध्यमों से बनते-बिगड़ते चुनावी समीकरणों से जनता पल-पल रूबरू होती रही है। ऐसे में हर वर्ग में मतदान को लेकर जागरूकता दिखी थी।