Delhi Metro Commuters Alert ! अनलॉक के पहले दिन आई कई तरह की समस्या, जानें- क्यों मेट्रो के एंट्री गेट किए गए बंद
Delhi Metro Commuters Alert ! कई जगहों पर मेट्रो पैसेंजर शारीरिक दूरी के नियम का उल्लंघन तक करते नजर आए तो वहीं कुछ रूटों पर लोग भीड़ की वजह से मेट्रो कोच के अंदर खड़े होकर सफर करते नजर आए।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। अनलॉक-2-0 के पहले दिन दिल्ली मेट्रो का परिचालन शुरू हो गया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। वहीं, पहले दिन दिल्ली मेट्रो के परिचालन के दौरान कई तरह की परेशानी भी दिखी। मसलन, कई जगहों पर मेट्रो पैसेंजर शारीरिक दूरी के नियम का उल्लंघन तक करते नजर आए, तो वहीं कुछ रूटों पर लोग भीड़ की वजह से मेट्रो कोच के अंदर खड़े होकर सफर करते नजर आए।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (Delhi Metro Rail Corporation) के ट्वीट के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो का परिचालन 50 फीसदी क्षमता के साथ हो रहा है। सोमवार से अनलॉक-2.0 के साथ इसकी शुरुआत हो गई। वहीं, मेट्रो के पैसेंजर की भीड़ को नियंत्रित करने डीएमआरसी ने शारीरिक दूरी के नियम को सुनिश्चित करने के लिए कुछ स्टेशनों पर लोगों का प्रवेश रोका गया। वहीं, कुछ देर बाद ही खोला दिया। इसके साथ ही डीएमआरसी अनुरोध किया कि कृपया हमारे साथ रहें और अपने आवागमन में अतिरिक्त समय दें।
जानें- DMRC ने गाइडलाइन
- यात्रा के दौरान सामाजिक दूरी का पालन करना होगा।
- यात्रियों को मेट्रो में एक सीट छोड़कर बैठना होगा।
- ट्रेन में प्रवेश करने और बाहर निकलते वक्त दूरी बनाकर रखनी होगी।
- मेट्रो परिसर और ट्रेन में यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है। अगर कोई यात्री ऐसा नहीं करता है तो उस पर 200 रु. जुर्माना लगाया जाएगा।
- स्टेशन में प्रवेश से पहले सभी यात्रियों की स्क्रिनिंग होगी।
- किसी व्यक्ति का तापमान सामान्य से ज्यादा होता है तो उसे मेट्रो में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
- मेट्रो में यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु ऐप अनिवार्य होगा।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने से भी अधिक वक्त से दिल्ली मेट्रो रेल निगम की ट्रेनों का परिचालन बंद था, लेकिन अनलॉक-2.0 के तहत दिल्ली मेट्रो का परिचालन सोमवार से फिर शुरू हुआ है। एक महीने के दौरान बंद दिल्ली मेट्रो को कई सौ करोड़ का घाटा हुआ है। इससे पहले पिछले साल 6 महीने तक बंद रही दिल्ली मेट्रो को 3000 करोड़ से अधिक का घाटा हुआ था।