आरोपितों को सजा दिलाने को किया जाएगा सबसे बढ़िया वकील: मनीष सिसोदिया
सिसोदिया ने उनको आश्वासन दिया कि आरोपितों को सजा दिलाने के लिए सबसे बढ़िया वकील किया जाएगा। घायल अनिल व उनके पिता फुलचंद ने बताया कि मामले में दो मुख्य आरोपित अभी भी फरार हैं जिन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जाए।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के चार नंबर गेट के पास सराय पीपल थला में मंगलवार को दो समुदाय के परिवारों में हुए झगड़े में पड़ोस में रहने वाले तीन भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया था। जिसमें एक भाई सुशील की मौत हो गई थी और दो भाई सुनील व अनिल घायल हो गए थे। अनिल को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, जबकि सुनील का सफदरजंद अस्पताल में इलाज चल रहा है। बुधवार शाम दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से मामले की पूरी जानकारी ली और उनका दुख साझा किया।
सिसोदिया ने उनको आश्वासन दिया कि आरोपितों को सजा दिलाने के लिए सबसे बढ़िया वकील किया जाएगा। घायल अनिल व उनके पिता फुलचंद ने बताया कि मामले में दो मुख्य आरोपित अभी भी फरार हैं, जिन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जाए। इस पर सिसोदिया ने कहा कि उनको गिरफ्तार करने के लिए कमिश्नर से बात की जाएगी। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को बक्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
भजन चलाने पर भड़क गए थे आरोपित
घायल अनिल व उनके पिता फुलचंद ने बताया कि मंगलवार को उनकी भतीजी ने स्पीकर में भजन चला रखे थे। इस बात पर पड़ोसी भड़क गए और उनसे गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते बहस हाथापाई में तब्दील हो गई और आरोपितों ने सुनील व अनिल पर चाकुओं से हमला कर दिया। जब यह बात सुशील को पता चली तो वह भाइयों को बचाने गया, लेकिन आरोपितों ने उनकी एक ने सुनी और उनकी छाती में भी चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस कारण उसने अस्पताल जाते समय ही दम तोड़ दिया।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो