कियोस्क के नाम पर तीन करोड़ की ठगी में मुख्य आरोपित गिरफ्तार
आर्थिक अपराध शाखा (इओडब्ल्यू) ने कियोस्क के नाम पर तीन करोड़ की ठगी में मुख्य आरोपित शशांक जैन को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने रोहिणी स्थित एक माल में कियोस्क देने के नाम पर 78 लोगों को चूना लगाया था।
नई दिल्ली [संतोष शर्मा]। आर्थिक अपराध शाखा (इओडब्ल्यू) ने कियोस्क के नाम पर तीन करोड़ की ठगी में मुख्य आरोपित शशांक जैन को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने रोहिणी स्थित एक माल में कियोस्क देने के नाम पर 78 लोगों को चूना लगाया था। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन, शशांक मुकदमा दर्ज होने के बाद ही भूमिगत हो गया था। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।
इओडब्ल्यू के संयुक्त पुलिस आयुक्त डा. ओ.पी. मिश्रा ने बताया कि रोहिणी मोनेस्ट्री मार्केट एसोसिएशन के वीरेंद्र सिंह सहित 78 अन्य लोगों ने पुलिस में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ितों ने बताया था कि रेड रियलिटी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड ने रोहिणी सेक्टर-10 सिटी सेंटर में स्थान लेने का बात बताई थी। उस स्थान पर कंपनी ने 78 छोटे-छोटे कियोस्क लोगों को पांच वर्ष की लीज पर देने का दावा किया था।
वर्ष 2015 में कियोस्क के बदले प्रत्येक लोगों से 3.5 लाख रुपये जमा करवाए गए थे। पांच वर्ष की अवधि समाप्त होने पर कंपनी ने सभी के 2.5 लाख रुपये लौटाने संबंधी करार किया था। रुपये जमा कराने पर 78 सभी आवंटियों को आवंटन पत्र भी प्रदान कर दिया गया था, लेकिन उन्हें कियोस्क की जगह नहीं दी गई।
वहीं, इसके बाद कंपनी के अधिकारी व एजेंट कार्यालय बंद कर फरार हो गए थे। उधर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो पता चला कि कंपनी को कियोस्क लीज पर देने का कोई अधिकार नहीं था। ठगी साबित होने पर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की और दो आरोपित लैबैंग तेनजिंग भूटिया व गौरव मित्तल को पहले गिरफ्तार कर लिया था।
हालांकि मुख्य आरोपित और एजेंट शशांक जैन फरार चल रहा था। इसी बीच जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर भंवर सिंह की टीम ने 13 जनवरी को गुरुग्राम सेक्टर 56 निवासी शशांक जैन को धर दबोचा। छानबीन में पता चला कि शशांक जैन इंजीनियर हैं। शुरुआत में उसने रियल एस्टेट के व्यवसाय में एजेंट के रूप में काम शुरू किया था। लेकिन असफल रहा था। इसके बाद उसने अन्य आरोपितों के साथ माल में पट्टे पर जगह हासिल कर कियोस्क के नाम पर निवेशकों से ठगी की।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो