हरियाणाः रिहायशी कॉलोनी में घुसा आदमखोर तेंदुआ, कई लोगों को किया घायल
लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के कर्मचारी काफी प्रयासों के बाद भी तेंदुए को जिंदा नहीं पकड़ सके।
फरीदाबाद (जेएनएन)। जंगल के जानवरों का शहरों में घुस आना अब आम बात हो गई है। दिल्ली से सटे हरियाणा में गुड़गांव में अब पलवल में एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस गया। इससे लोगों में हड़कंप मच गया।लोगों ने तेंदुए की तलाशी के लिए अभियान चलाया तो वह आदमखोर हो गया। उसने हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। पूरा मामला पलवल की कृष्णा कॉलोनी का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह तेंदुए के घुसते ही कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। लोगों शुरुआत में तो दहशत में आ गए, लेकिन कुछ देर बाद समूह में इकट्ठा हुए लोग तेंदुए की तलाश में जुट गए। लोग अपने हाथ में लाठी डंडे भी लिए थे। इस बीच तेंदुआ कुछ घरों में प्रवेश की कोशिश करता नजर आया।
वहीं, लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के कर्मचारी काफी प्रयासों के बाद भी तेंदुए को जिंदा नहीं पकड़ सके हैं।
यह भी पढ़ेंः गुरुग्राम में तेंदुए के डर से सहमे ग्रामीण, वन विभाग ने बढ़ाई पैट्रोलिंग
वहीं, कुछ लोगों ने तेंदुए के पैरों के निशान देखने का दावा किया था। लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पैरों के निशान की तस्वीरें भी ली थी। कुछ ही देर बाद वह लोगों के सामने आ गया। कुछ लोगों का मानना है कि जंगल से रास्ता भटककर रिहायशी इलाके में घुस गया है।
हरियाया के किसी जिले में तेंदुए के इस तरह रिहायशी इलाके में घुसने का पहला मामला नहीं है। इससे पहले गुरुग्राम जिले के एक गांव में लोगों ने तेंदुए को पीट-पीट कर मार डाला। इस दौरान तेंदुए के हमले में 8 लोग भी घायल हुए हैं। वहीं वन विभाग की टीम इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मूकदर्शक बनी रही।
यह भी पढ़ेंः आदमखोर तेंदुए का खेल खत्म, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला