2012 Delhi Nirbhaya case: निर्भया की मां का बयान, ‘विनय को नहीं उसके वकील को आराम की जरूरत’
2012 Delhi Nirbhaya case सुनवाई के दौरान ही एपी सिंह ने कोर्ट को सूचित किया था कि विनय भूख हड़ताल पर है और उसकी मानसिक दशा सही नहीं है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। 2012 Delhi Nirbhaya case : निर्भया के दोषी विनय की ओर से उसकी पैरवी कर रहे वकील एपी सिंह पर निर्भया की मां ने आरोप लगाया है कि वे कोर्ट को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विनय मानसिक तौर पर पूरी तरह दुरुस्त है। आराम करने की जरूरत विनय को नहीं, बल्कि उसके वकील को है।
निर्भया के माता-पिता व जेल प्रशासन की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान सोमवार को पटियाला हाउस कोर्ट ने निर्भया के चारों दोषियों के खिलाफ नया डेथ वारंट जारी किया था। सुनवाई के दौरान ही एपी सिंह ने कोर्ट को सूचित किया था कि विनय भूख हड़ताल पर है और उसकी मानसिक दशा सही नहीं है। एपी सिंह ने कोर्ट से इस बात का आग्रह किया था कि जेल प्रशासन को निर्देश देकर विनय के स्वास्थ्य की पूरी रिपोर्ट मंगाई जाए।
इस रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद ही अदालत किसी नतीजे पर पहुंचे। इसके पहले हाई कोर्ट ने पांच फरवरी को चारों दोषियों को अपने सभी न्यायिक उपचारों का इस्तेमाल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया था। हालांकि कोर्ट ने यह भी कहा था कि इस मामले में दोषियों को अलग-अलग फांसी नहीं दी जा सकती है।