नवरात्री के अंतिम दिन मंदिरों में लगी भारी भीड़, देवी सिद्दिदात्री की पूचा कर मांगा आशीर्वाद
नवरात्र के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री के दर्शन के लिए सुबह छह बजे से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। मां के भजनों व जयकारों से मंदिर का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
नई दिल्ली, जेएनएन। नवरात्र के अंतिम दिन मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान लोगों ने मंदिर व घरों में सिद्धिदात्री के रूप में माता का विधि-विधान से पूजन कर छोटी कन्याओं को उपहार व रुपये देकर भोजन कराया। बृहस्पतिवार को दिल्ली के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी।
सुबह लोगों ने घरों में हवन आदि कर घर में सुख-शांति की मनोकामना की। अंतिम नवरात्र के अवसर पर मंदिर के कपाट पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। इसे देखते हुए मंदिरों के कपाट भोर में ही खोल दिए गए थे। वहीं पूरे दिन दिल्ली के विभिन्न इलाकों में भंडारे आदि का दौर चलता रहा। इसमें लोगों ने सब्जी पूड़ी को प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।
नवरात्र के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री के दर्शन के लिए सुबह छह बजे से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। मां के भजनों व जयकारों से मंदिर का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। वहीं, इसके अलावा शाम को मंदिरों में कीर्तन व भंडारे का आयोजन किया गया। जगह-जगह मां दुर्गा के पंडालों पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला।
विशेषकर, महिलाएं मां से आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए नए वस्त्रों में मंदिर पहुंची। मां सिद्धिदात्री की अराधना व कन्या पूजन के साथ नवरात्र का समापन किया गया। भक्तों ने कन्याओं का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। घर में पूजन के बाद भक्तों ने मंदिरों का रुख किया। मंदिरों में मां के श्रृंगार, फूल, नारियल व रंग-बिरंगी चुन्नी से सजी थाल को खरीदने के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही।
मंगलापुरी स्थित सनातन धर्म मंदिर में पुजारी पंडित सुरेंद्र दास ने बताया कि मां सिद्धिदात्री सभी सिद्धियों की मनोकामना पूरी करने वाली हैं। पालम स्थित काली माता मंदिर, तिलक नगर स्थित सात मंजिला मंदिर सहित इलाके के अन्य मंदिरों में सुबह से मां के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
जनकपुरी मंदिर के पुजारी आर दुबे ने बताया कि नवरात्र के दिनों में रोजाना मां के श्रृंगार को बदला जा रहा है, ताकि रोजाना भक्तों को मां के नए स्वरूप का दर्शन हो सके। इलाके में कीर्तन मंडली की ओर से घरों में कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र में युवा वर्ग भी मां की भक्ति में रंगा नजर आ रहा है। युवा वर्ग वाट्सएप व सोशल नेटवार्किंग से जुड़े अन्य साइट के द्वारा नवरात्रों की शुभकामना दे रहे हैं।
कन्या पूजन: कन्या पूजन की तैयारियों को लेकर क्षेत्र में सुबह से लोगों के घरों में चहल-पहल शुरू हो गई थी। साफ-सफाई के बाद मां के भोग के लिए भक्तों ने कई पकवानों को तैयार किया। पूजन के दौरान भक्तों ने मां सिद्धिदात्री का आह्वान किया और उन्हें भोग अर्पित किया। कन्या पूजन के दौरान बच्चियों को खाना खिलाने के बाद उपहार के साथ विदा किया। भक्तों ने कन्याओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद भक्तों में मां के प्रसाद को वितरित किया गया। पालम स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी राम गोपाल शरण ने बताया कि महागौरी का पूजन करने से स्त्री जातकों को सौभाग्य की प्राप्ति होती है। मां महागौरी के पूजन से सभी नौ देवियां प्रसन्न होती हैं। मां की उपासना से भक्तों के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं।