पेट्रोल पंप पर गैस जलाकर खाना बना रहे हैं किसान, सामने आईं हैरान कर देने वाली तस्वीरें
नरेला की ओर काफी जगह खाली होने के बावजूद प्रदर्शनकारी पेट्रोल पंप पर आग जलाकर खाना बना रहे हैं। अगर इस दौरान कोई चिंगारी भड़क गई और पेट्रोल पंप पर आग लग गई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों की रद करने की मांग को लेकर पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों के किसानों का सिंघु बॉर्डर पर चल रहा धरना प्रदर्शन बृहस्पतिवार को 78वें दिन में प्रवेश कर गया है। इस बीच सिंघु बॉर्डर पर बैठे प्रदर्शनकारी कभी भी अपने साथ-साथ सैकड़ों स्थानीय लोगों व राहगीरों की जान के लिए खतरा बन सकते हैं। नरेला की ओर काफी जगह खाली होने के बावजूद वह पेट्रोल पंप पर आग जलाकर खाना बना रहे हैं। अगर इस दौरान कोई चिंगारी भड़क गई और पेट्रोल पंप पर आग लग गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। दरअसल, बीते कुछ दिनों से प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल पंप के अंदर लंगर का खाना बनाना शुरू कर दिया है। कहीं पर सिलेंडर तो कहीं लकडि़यों से आग जलाई जा रही है।
आधा दर्जन जगहों पर जल रही भट्टी
जागरण संवाददाता ने बताया कि पेट्रोल पंप के बेहद नजदीक ही छह से सात जगह भट्टियां जल रहीं हैं। सिंघु बॉर्डर पर एक साथ कई पेट्रोल पंप हैं। इनमें से दो पेट्रोल पंपों के परिसर में प्रदर्शनकारियों ने अपने टेंट भी लगा दिए हैं। वह सोते भी यहीं हैं और दिनभर लोगों का आना-जाना भी यहीं से होता है। ऐसे में एक छोटी सी गलती कई लोगों की जान ले सकती है।
सिंघु बॉर्डर पर पंजाब के प्रदर्शनकारियों की संख्या अधिक
जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पंजाब) की ओर से धरना दिया जा रहा है। इस कमेटी के अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू हैं और महासचिव सरवन सिंह पंधेर। कमेटी के साथ केवल पंजाब के लोग ही हैं। हरियाणा या दिल्ली के लोग इनके साथ नहीं हैं। लिहाजा यहां पर पंजाब के प्रदर्शनकारियों की संख्या ही ज्यादा है। दिल्ली या हरियाणा से नाममात्र के ही लोग यहां पहुंचते हैं। वह भी मंच से संबोधित कर वापस चले जाते हैं।