Delhi Cold Weather 2020: सुबह-शाम बढ़ी ठंड, जानें- कब दिल्ली-एनसीआर में शुरू होगी कंपकंपाने वाली सर्दी
Delhi Cold Weather 2020 दिल्ली के साथ-साथ नोएडा-ग्रेटर नोएडा गाजियाबाद फरीदाबाद समेत एनसीआर के सभी शहरों के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार से सुबह-शाम तो खासी ठंड महसूस होने लगी है। बुधवार सुबह दफ्तरों के साथ अन्य काम के लिए निकले लोग हाफ स्वेटर में नजर आए।
नई दिल्ली, जेएनएन। Delhi Cold Weather 2020: मानसून की विदाई के एक महीने के भीतर ही दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बदलते मौसम के बीच दिल्ली के साथ-साथ नोएडा-ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत एनसीआर के सभी शहरों के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार से सुबह-शाम तो खासी ठंड महसूस होने लगी है। बुधवार सुबह दफ्तरों के साथ अन्य काम के लिए निकले लोग हाफ स्वेटर में नजर आए। वहीं, इससे पहले मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि सामान्य से एक डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 37 से 87 फीसद दर्ज हुआ। कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान लोदी रोड पर 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आयानगर और जाफरपुर में अधिकतम तापमान भी अपेक्षाकृत कम क्रमश: 30.6 जबकि 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बताया जा रहा है कि उत्तर-पश्चिमी हवा इस ठंड को और बढ़ा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि ठंड बढ़ने का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इन दिनों सुबह के समय हल्की धुंध भी हो रही है। ऐसे में वायु प्रदूषण लोगों को ज्यादा परेशान कर रहा है।
स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत (Skymet Weather chief meteorologist Mahesh Palawat) ने बताया कि इस समय उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है। हिमालय क्षेत्र से आने वाली इस हवा में नमी और ठंडक दोनों होती है। हवा की रफ्तार भी अभी 10 से 12 कि.मी. प्रति घंटे ही बनी रहेगी। इससे तापमान में भी गिरावट बरकरार रहेगी। सप्ताहांत तक अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर पहुंच सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल बारिश होने के कोई आसार नहीं हैं और इसके लिए किसी पश्चिमी विक्षोभ का इंतजार है, लेकिन तब भी दिवाली तक राजधानी दिल्ली और एनसीआर में अच्छी ठंड हो जाने की प्रबल संभावना है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो