जानिए दिल्ली के कंझावला इलाके के लोगों की समस्या, नहीं है मार्निंग वाक और सार्वजनिक बैठने की जगह
इलाके में जगह-जगह फैली गंदगी से पहले ही परेशान लोगों को मंदिर परिसर का क्षेत्र सुकून देता था। सुबह की सैर से लेकर स्थानीय लोग योग-व्यायाम करने भी यहां आते हैं लेकिन जोहड़ की निकासी की समस्या की वजह से अब वह भी मुश्किल हो गया है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कंझावला स्थित बुल्ला कालोनी में लोगों को पिछले कुछ दिनों से जलभराव की वजह से काफी परेशानी हो रही है। यहां स्थित प्राचीन जोहड़ के ओवरफ्लो होने से पानी वहां के दुर्गा मंदिर परिसर व अन्य जगहों में घुस आया है। इसकी वजह से न केवल लोगों का मंदिर और पार्क में जाना मुश्किल हो गया है।
15 वर्ष पहले हुआ था मंदिर का निर्माण
दरअसल, मंदिर के निर्माण के बाद लोगों ने आपसी सहयोग से इसके आसपास के क्षेत्र को विकसित किया और इसे हरा-भरा बनाया। लोगों के सैर के लिए बनाई गई इस जगह पर बैठने के लिए बेंच भी लगाए गए। करीब 15 वर्ष पहले मंदिर का निर्माण कराया गया था और उसके कुछ वर्ष बाद आसपास के क्षेत्र को विकसित किया गया। ऐसे में अब जोहड़ का पानी यहां भर जाने से लोगों को काफी मुश्किल हो रही है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
इलाके में जगह-जगह फैली गंदगी से पहले ही परेशान लोगों को मंदिर परिसर का क्षेत्र सुकून देता था। सुबह की सैर से लेकर स्थानीय लोग योग-व्यायाम करने भी यहां आते हैं, लेकिन जोहड़ की निकासी की समस्या की वजह से अब वह भी मुश्किल हो गया है। लोगों द्वारा इसे लेकर संबंधित विभाग और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जलभराव की समस्या का नहीं निकल रहा हल
यहां के सौ फुटा रोड की सड़क पर जोहड़ व नालियों के पानी से जलभराव की समस्या बनी हुई है, लेकिन उसे ठीक करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस बारे में बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पानी को निकालने के लिए उनके पास इतने बड़े पंप नहीं होते लेकिन निगम के पास हैं और वह इस कार्य को बेहतर कर सकते हैं।
यह क्षेत्र एग्रीकल्चर लैंड के तहत आता है और इसकी देखभाल बाढ़ नियंत्रण विभाग की जिम्मेदारी है। इस बारे में लोगों की शिकायत पर विभाग को पत्र लिखकर सूचित किया गया है।
जयेंद्र डबास, स्थानीय निगम पार्षद।
जोहड़ के नजदीक बनाए गया मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है, लेकिन अब यहां आना-जाना मुश्किल है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को तुरंत कार्रवाई करते हुए लोगों की परेशानी दूर करनी चाहिए।
विनोद डबास, स्थानीय निवासी।
मंदिर के पास बनाए गए पार्क और हरियाली का क्षेत्र लोगों के लिए लाभप्रद था, लेकिन यहां पानी भर जाने से कोई यहां आ नहीं पा रहा। इसका जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
कृष्ण डबास, स्थानीय निवासी।
मंदिर के नजदीक पार्क की साफ-सफाई लोग आपसी सहयोग से कर लेते हैं, लेकिन जल निकासी के लिए प्रशासन का सहयोग जरूरी है लेकिन कोई इसकी सुध नहीं ले रहा है।
मुकेश, निवासी।
Edited By Prateek Kumar