Move to Jagran APP

जानिये- मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतने के लिए केजरीवाल का नया प्लान

मध्य प्रदेश के चुनावी दंगल में पहली बार उतर रही आम आदमी पार्टी (AAP) की योजना दिल्ली मॉडल की बदौलत बाजी मारने की है। केजरीवाल ने इसके लिए पूरी योजना बनाई है।

By Edited By: Published: Sun, 28 Oct 2018 07:30 PM (IST)Updated: Mon, 29 Oct 2018 09:00 AM (IST)
जानिये- मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतने के लिए केजरीवाल का नया प्लान
जानिये- मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतने के लिए केजरीवाल का नया प्लान

नई दिल्ली, जेएनएन। मध्य प्रदेश के चुनावी दंगल में पहली बार उतर रही आम आदमी पार्टी (AAP) की योजना दिल्ली मॉडल की बदौलत बाजी मारने की है। पार्टी नेता-कार्यकर्ता मध्य प्रदेश की जनता के बीच दिल्ली में कराए गए विकास कार्यो को रखेंगे और वोट मांगेगे। इसके लिए आप की तरफ से पूरी रणनीति तैयार की जा चुकी है।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के नेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे घर-घर जाकर लोगों को दिल्ली में हुए कार्यों को बताएं। पार्टी की रणनीति है कि अधिक से अधिक डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाए। AAP दिल्ली में सियासी संकटों के बीच अर्जित की गई अपनी उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएगी।

मध्य प्रदेश की जनता को बताया जाएगा कि किस तरह आम आदमी पार्टी की सरकार ने केंद्र सरकार और उपराज्यपाल द्वारा अड़ंगा लगाए जाने के बाद भी दिल्ली की जनता के लिए काम किया है। बिजली में छूट दी है, पीने का पानी फ्री किया है। अस्पताल में इलाज व जांच की सुविधा फ्री की गई है। शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाए गए हैं। संसाधन ही नहीं जुटाए गए हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तमाम प्रयास शुरू किए गए हैं। बच्चों को बेहतर माहौल देने के लिए हैप्पीनेस कक्षाएं शुरू की गई हैं।

गोपाल राय मध्य प्रदेश रवाना
मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को चुनाव होंगे। 11 दिसंबर को मतगणना होगी और इसी दिन परिणाम भी जारी किया जाएगा। इसी के अनुसार आप के कार्यक्रम भी तय किए गए हैं। आप के दिल्ली प्रभारी व श्रम मंत्री गोपाल राय रविवार को मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गए। वह मध्य प्रदेश में 31 अक्टूबर तक रहेंगे। इस दौरान वह ग्वालियर संभाग में दौरा करेंगे और ग्वालियर पूर्व, ग्वालियर 15, गोहद, शिवपुरी और सबलगढ़ में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

दिवाली बाद कई बड़े नेताओं के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मध्य प्रदेश में कई जनसभाएं निर्धारित हैं। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, अनुसूचित जाति व जनजाति मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, सासद भगवंत मान, शहनाज हिंदुस्तानी, दिल्ली से AAP विधायक अमानतुल्लाह खान, अलका लांबा, सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ भारती, राखी बिड़ला, बंदना कुमारी और प्रकाश जारवाल भी चुनाव प्रचार करेंगे।

AAP के अनुसार, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में दिल्ली के सभी बड़े नेता और विधायक आम सभाओं के साथ-साथ डोर-टू-डोर अभियान करेंगे। बड़े नेताओं का चुनाव प्रचार अभियान दिवाली के बाद शुरू होगा जो 26 नवंबर तक चलेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.