Kisan Andolan: हर स्थिति से मुकाबला करने को तैयार पुलिस, बार्डर पर बढ़ी सख्ती
प्रदर्शनकारियों की ओर से शनिवार को प्रस्तावित चक्का जाम को देखते हुए टीकरी व ढांसा बार्डर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को टीकरी बार्डर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त शालिनी सिंह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंची और तैनात जवानों से बातचीत की।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। प्रदर्शनकारियों की ओर से शनिवार को प्रस्तावित चक्का जाम को देखते हुए टीकरी व ढांसा बार्डर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को टीकरी बार्डर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त शालिनी सिंह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंची और तैनात जवानों से बातचीत की। यहां पर रैपिड एक्शन फोर्स, बीएसएफ, सीआरपीएफ व पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों की मानें तो सुरक्षा व्यवस्था में करीब 15 कंपनियों को लगाया गया है। अगर कोई भी प्रदर्शनकारी दिल्ली की ओर रुख करता है तो उससे निपटने में सुरक्षाबल सक्षम होगा।
बैरिकेडिंग पर लगाए कटीले तार
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर टीकरी बार्डर पर कई तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं। एक ओर जहां नुकीले सरिये लगाए गए हैं वहीं बैरिकेडिंग पर कटीले तार लगाए गए हैं, जिससे कि कोई भी इसे पार नहीं कर सके। वहीं, बैरिकेडिंग पर सुरक्षाबलों को 24 घंटे तैनात किया गया है। इसके अलावा पूरे दिन हरियाणा की सीमा में जमे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की पैनी नजर रही। समय-समय पर ड्रोन कैमरे के माध्यम से वहां हो रही गतिविधि पर पुलिसकर्मी नजर रख रहे थे। इसके अलावा पुलिस ने बार्डर पर दो वाटर कैनन भी रखे हुई है, जिससे कि विपरीत परिस्थिति में इसका इस्तेमाल किया जा सके।
कालोनियों के भीतर बढ़ाई सुरक्षा
टीकरी बार्डर के आसपास स्थित कालोनियों के भीतर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कालोनियों में बीच-बीच में बैरिकेडिंग कर दी गई है और हर आने जाने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है लेकिन सुरक्षा को लेकर यह कदम जरूरी हैं।
दिल्ली में नहीं करेंगे चक्का जाम
ढांसा बार्डर पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे भारतीय किसान यूनियन दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह डागर ने कहा कि हम लोग दिल्ली में चक्का जाम नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारी केएमपी व गुरुग्राम रोड पर दोपहर 12 से तीन बजे तक चक्का जाम करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से गाजीपुर व टीकरी बार्डर पर जो नुकीले सरिये लगाए गए हैं वह गलत है।
इससे प्रदर्शनकारियों में गलत संदेश जा रहा है। सरकार को चाहिए कि फिर से बातचीत के माध्यम से समस्या का निदान निकालने की दिशा में प्रयास करे। उन्होंने कहा कि लाल किला में हुई घटना का जो भी दोषी हो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग हम कर रहे हैं। देश हमारे लिए सबसे पहले है।