अपनी हर नाकामी का ठीकरा केंद्र के सिर फोड़ना चाह रही केजरीवाल सरकार : कांग्रेस
घर घर राशन योजना को लेकर दिल्ली कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा का दो टूक शब्दों में कहना है कि स्वराज और नई राजनीति की प्रणेता आप सरकार आज दिल्ली वासियों के सामने बेनकाब हाे चुकी है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। घर घर राशन योजना को लेकर दिल्ली कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा का दो टूक शब्दों में कहना है कि स्वराज और नई राजनीति की प्रणेता आप सरकार आज दिल्ली वासियों के सामने बेनकाब हाे चुकी है। जब जब दिल्ली के लोगों को मुख्यमंत्री का सहयोग चाहिए होता है, वो केंद्र सरकार के सिर ठीकरा फोड़ना शुरू कर देते हैं।
सुभाष चोपड़ा ने सोमवार को एक टवीट कर कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में अरविंद केजरीवाल ने कभी भी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निवर्हन नहीं किया। भाजपा शासित केंद्र सरकार के साथ नूरा-कुश्ती भी इसीलिए करते हैं कि ताकि अपनी नाकामी छिपाते हुए जनता को गुमराह कर सकें।
बकौल चोपड़ा, जब दिल्ली वालों काे आक्सीजन चाहिए थी, केजरीवाल आरोप प्रत्यारोप में लगे रहे। हजारों लोग प्राणवायु न मिलने से दम तोड़ गए। क्या उन्होंने एक बार भी उन मृतकों के परिजनों और बच्चाें के भविष्य को लेकर कुछ सोचा? फिर मुख्यमंत्री ने दिल्ली वासियों को मुफ्त कोरोना वैक्सीन लगवाने का वायदा किया, लेकिन अब इसे लेकर भी वह केंद्र से लड़ाई लड़ रहे हैं। बेचारी जनता महंगे दामों पर प्राइवेट अस्पतालों में वैक्सीन लगवाने को मजबूर है।
इसी तरह अब जबकि दिल्ली वासियों को राशन चाहिए तो केजरीवाल ने इस पर भी भाजपा के साथ आरोप प्रत्यारोप की सियासत शुरू कर दी है। हैरानी की बात यह कि केजरीवाल घर घर राशन पहुंचाने के लिए तो उतावले हाे रहे हैं जबकि उस अनाज की कोई सुध ही नहीं ले रहे जो दक्षिणी दिल्ली के एक स्कूल में पड़ा पड़ा सड़ गया। चोपड़ा ने कहा कि केजरीवाल सरकार केवल जनता को इस भ्रम में रखने का प्रयास करती रहती है कि वह तो बहुत काम करना चाह रही है, लेकिन उसे करने नहीं दिया जा रहा। लेकिन यह ढोंग अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाला।