जेएनयू परिसर में रहने वाले छात्र छिपा रहे कोरोना संक्रमण की जानकारी, नोटिस जारी
नोटिस में जिक्र है कि परिसर में रहने वाले अंतरराज्यीय यात्राओं संबंधी जानकारी भी छिपा रहे हैं। इसलिए अब स्वघोषित प्रपत्र भरना अनिवार्य किया जा रहा है।
नई दिल्ली [संजीव कुमार मिश्र]। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन ने परिसर में रहने वालों पर कोरोना संक्रमण की जानकारी छिपाने के लिए कटघरे में खड़ा किया है। प्रशासन ने बृहस्पतिवार को इस बाबत एक नोटिस भी जारी किया। 10 सूत्रीय नोटिस में कहा गया है कि परिसर में संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं। परिसर में रहने वाले संक्रमित होने की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों से छिपा रहे हैं। इसकी वजह से संक्रमितों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
जेएनयू ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी की है। जिस पर संक्रमण संबंधी जानकारी मुहैया कराना अनिवार्य कर दिया गया है। नोटिस में जिक्र है कि परिसर में रहने वाले अंतरराज्यीय यात्राओं संबंधी जानकारी भी छिपा रहे हैं। इसलिए अब स्वघोषित प्रपत्र भरना अनिवार्य किया जा रहा है। यात्रा करने वाले हर कर्मचारी को यह प्रपत्र भरकर प्रशासनिक कार्यालय में जमा करना होगा।
प्रशासन की सलाह
- परिसर में बेवजह ना घूमने की सलाह दी गई है।
- मास्क लगाएं, सैनिटाइजर पास रखें।
- आवास पर दोस्तों, जानकारों को आमंत्रित ना करें। ना ही बेवजह किसी के आवास पर जाएं।
- परिसर में समूह में इक्टठा ना हों।
- जो लोग क्वारंटाइन हैं, वो खाद्य पदार्थ मंगवाने के लिए हेल्पलाइन नंबर का सहारा ले सकते हैं।
- खांसी, जुकाम, बुखार समेत कोरोना संबंधी लक्षण होने पर तत्काल जेएनयू प्रशासन को सूचित करें।
रजिस्ट्रार डॉ प्रमोद कुमार ने बताया कि जेएनयू में अब तक संक्रमण के 52 मामले सामने आए हैं। लेकिन यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। हमें पता चला है कि लोग संक्रमण संबंधी जानकारी छिपा रहे हैं। ऐसा करना ना केवल उनके बल्कि उनके परिवार व अन्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
बता दें कि दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। दिल्ली सरकार के लोक नायक, जीटीबी, राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी, अंबेडकर नगर अस्पताल, बुराड़ी अस्पताल, सत्यवादी राजा हरिशचंद्र, दीपचंद बंधु अस्पताल में भी कोविड बेड की सुविधा है। वहीं, दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार और निजी अस्पतालों में कुल 14576 बेड कोरोना मरीजों के लिए उपलब्ध है। इनमें से 6815 बेड खाली हैं वहीं 7761 फिलहाल उपलब्ध हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो