रेलवे ने यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों को दी सुविधा, अब सफर होगा और आरामदायक
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दो अस्थायी प्रतीक्षालय बनाए गए हैं जिनमें एक हजार से ज्यादा यात्री विश्राम कर सकते हैं। इसी तरह से आनंद विहार टर्मिनल पर साढ़े चार सौ यात्रियों की क्षमता वाला प्रतीक्षलय तैयार किया गया है।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। दीवाली और छठ पर घर जाने वालों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने लगी है। अगले एक-दो दिनों में भीड़ और बढ़ेगी जिसे संभालना रेल प्रशासन के लिए चुनौती है। इसे ध्यान में रखकर रेलवे स्टेशनों पर जरूरी कदम उठाए गए हैं। नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल पर यात्रियों को ट्रेन के प्रस्थान होने के कुछ देर पहले प्लेटफार्म पर जाने की अनुमति दी जा रही है। इसके लिए दोनों स्टेशनों के बाहर अस्थायी प्रतीक्षालय बनाए गए हैं। इनमें रेल आरक्षण काउंटर सहित यात्रियों को अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दो अस्थायी प्रतीक्षालय बने
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दो अस्थायी प्रतीक्षालय बनाए गए हैं जिनमें एक हजार से ज्यादा यात्री विश्राम कर सकते हैं। इसी तरह से आनंद विहार टर्मिनल पर साढ़े चार सौ यात्रियों की क्षमता वाला प्रतीक्षालय तैयार किया गया है। अस्थायी प्रतीक्षालय में टिकट आरक्षण काउंटर के साथ ही, खाने पीने का स्टाल, पेजयल की सुविधा, अस्थायी शौचालय बनाए गए हैं। यात्रियों को ट्रेन की जानकारी मिलती रहे इसके लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इसके साथ ही स्क्रीन पर समाचार व सांस्कृतिक कार्यक्रम दिखाने की भी व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। थर्मल स्कैनिंग कराने के बाद ही यात्रियों को प्रतीक्षालय में प्रवेश दिया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल ने बनाया हेल्प डेस्क
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का हेल्प डेस्क बनाया गया है। किसी भी तरह की परेशानी होने पर यात्री हेल्प डेस्क से मदद हासिल कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखकर त्योहार विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। कई ट्रेनें एक या दो दिन पहले घोषित हो रही हैं जिससे उनमें सीट भी उपलब्ध है।
दोनों स्टेशन पर बने हैं अतिरिक्त आरक्षण कांउटर
यात्री उन ट्रेनों में सफर करने के लिए टिकट ले सकें इसके लिए दोनों स्टेशनों पर सात-सात अतिरिक्त आरक्षण काउंटर बनाए गए हैं। शनिवार को नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल सहित सभी बड़े स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। स्टेशनों पर सुरक्षा जांच के लिए लंबी लाइन लग रही है। कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को ही यात्रा करने की अनुमति है, लेकिन कई यात्री प्रतीक्षा सूची के टिकट के साथ ट्रेन में सवार हो जा रहे हैं जिससे अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ेंः दिल्ली में महंगी होने जा रही है शराब, दीवाली बाद लगेगा महंगाई का एक और झटका
यह भी पढ़ेंः- जानिए इंग्लैंड की किस सांसद ने किया किसान आंदोलन का समर्थन, मोर्चा के पदाधिकारी खुश