Move to Jagran APP

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला : घरेलू और जीवनोपयोगी सामान पर दर्शकों का अधिक जोर

प्रगति मैदान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में दर्शकों का सर्वाधिक रूझान घरेलू और जीवनोपयोगी वस्तुओं की ओर है।

By Prateek KumarEdited By: Published: Fri, 16 Nov 2018 08:15 AM (IST)Updated: Fri, 16 Nov 2018 08:15 AM (IST)
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला : घरेलू और जीवनोपयोगी सामान पर दर्शकों का अधिक जोर
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला : घरेलू और जीवनोपयोगी सामान पर दर्शकों का अधिक जोर

नई दिल्ली, जेएनएन। प्रगति मैदान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में दर्शकों का सर्वाधिक रूझान घरेलू और जीवनोपयोगी वस्तुओं की ओर है। यही वजह है कि हॉल नं. 11 में अभी से दर्शकों की खासी भीड़ नजर आने लगी है। दरअसल, यहां दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली तमाम चीजें प्रदर्शित की गई हैं। इनमें कपड़े, रसोई घर के उपकरण, बिजली के उपकरण, साज- सज्जा, सुविधाजनक जीवनशैली से संबंधित वस्तुएं, फर्नीचर, मधुमेह और रक्तचाप की दवाओं तक के स्टाल लगे हुए हैं।

prime article banner

बिना धोए कपड़े से दाग मिटाएं

स्टाल संख्या दो पर छोटी-छोटी शीशियों में ऐसे केमिकल मिल रहे हैं जिसे कपड़े पर लगे किसी भी तरह के दाग धब्बे पर लगाकर रगड़ा जाए तो दाग साफ हो जाता है। कपड़े को धोने की जरूरत नहीं पड़ती। 

बिना धुएं के चूल्हे

इसी हॉल में बिना धुएं के बिजली से चलने वाले चूल्हे भी मिल रहे हैं। इन पर चपाती, पराठा व दाल सब्जी सहित तमाम तरह का खाना बनाया जा सकता है, वो भी धुएं वाली किसी भी दिक्कत के बगैर। खास बात यह कि इस चूल्हे का प्रदर्शन उत्तराखंड सरकार में मंत्री सतपाल महाराज व उनकी पत्नी अमृता रावत ने भी किया। उन्होंने यह  चूल्हा लिया भी। सतपाल महाराज ने बताया कि उत्तराखंड के व्यंजनों में मंडुवे की रोटी और कंडली के साग का स्वाद ही गजब है। अगर यह चूल्हे पर बना हो तो बात ही क्या।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी पसंद: दर्शकों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खूब भा रहे हैं। तरह-तरह के डिजाइन वाले नाइट लैंप तो देखते ही आकर्षित कर लेते हैं। रसोईघर का धुआं बाहर निकालने वाली चिमनी भी दर्शकों को पसंद आ रही है।

मुख्तार अब्बास नकवी ने किया हुनर हाट का उद्घाटन

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बृहस्पतिवार को व्यापार मेले में हुनर हाट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हुनर हाट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया, स्टैंडअप इंडिया और स्टार्टअप इंडिया के संकल्प को साकार करने का प्रामाणिक एवं विश्वसनीय ब्रांड बन गया है। पिछले एक साल में हुनर हाट द्वारा एक लाख 50 हजार से ज्यादा कारीगरों, दस्तकारों और शिल्पकारों को रोजगार के अवसर मुहैया कराए गए हैं। लक्ष्य 2019 तक करीब पांच लाख लोगों को रोजगार मुहैया कराना है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस हुनर हाट में बड़ी संख्या में महिला दस्तकारों सहित देश के हर हिस्से से आए दस्तकार, शिल्पकार, कारीगर भाग ले रहे हैं। देश के कोने-कोने के स्वदेशी उत्पाद इस हुनर हाट में प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

इनमें अजरख, बाग प्रिंट, बंधेज, बाड़मेर अजरख और एप्लिक, बिडिवेयर, केन और बांस, कालीन, चंदेरी, चनिया चोली, चिकनकारी, कॉपर बेल के उत्पाद, तांबे के बर्तन, चीनी मिट्टी के बर्तन, ड्राई फ्लॉवर, गोटापत्ती, हैंडलूम और होम फर्निशिंग इत्यादि यहां खासतौर पर उपलब्ध हैं।

व्यापार मेले में हॉल नंबर सात डी में सूक्ष्म व लघु उद्योग राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने खादी ग्रामोद्योग पवेलियन का उद्घाटन किया। इस मौके पर खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना भी मौजूद थे। पवेलियन में खादी से बने वस्त्रों के साथ-साथ खान-पीने की भी भरपूर चीजें हैं। पवेलियन में खादी से बना मोदी कुर्ता व जैकेट खास है। जिसे खास तौर पर डिजाइन किया गया है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए भी कांथा साड़ी, पटोला साड़ी व बट्टल शॉल खास है। इसके अलावा पवेलियन में हाथ से बुने गए बैग भी हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.