पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, दिल्ली-NCR में हल्की ठंड से हुई सुबह की शुरुआत
शनिवार की सुबह तेज हवाओं के साथ कई जगहों पर मूसलाधार बारिश और बर्फबारी से पारा गिरने लगा है। दिल्ली का मौसम अब बदलने लगा है। यहां हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने दस्तक दे दी है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से मैदानों इलाके भी प्रभावित हुए हैं। जम्मू और कश्मीर के साथ शिमला में बर्फबारी हो रही है। वहीं, शनिवार को उत्तराखंड में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर भी दिल्ली पहुंच रहा है। इससे हल्की ठंड ने दिल्ली समेत पूरे एनसीआर दस्तक दी है।
कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी
शनिवार की सुबह तेज हवाओं के साथ कई जगहों पर मूसलाधार बारिश और बर्फबारी से पारा गिरने लगा है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार देर रात को ही तूफान आ गया। इधर गंगोत्री, यमुनोत्री, श्रीनगर, नई टिहरी, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, बदरीनाथ, कर्णप्रयाग, घनसाली सहित लगभग सभी पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश की खबर है।
धूप खिलने के साथ ही बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, धुंध अब भी बनी हुई है। वहीं तापमान अभी 25 डिग्री के आसपास रहेगा, हालांकि तापमान धूप खिलने के साथ ही यह बढ़ सकता है। नमी के स्तर की बात करें तो यह 61 फीसद पर है। हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम है।
ठंड के साथ मुसीबत बढ़ाएगा प्रदूषण
ठंड बढ़ते ही प्रदूषण ने लोगों को और परेशानी करनी शुरू कर दी है। प्रदूषण की मार झेल रहे दिल्लीवासी के लिए अभी थोड़ी और मुश्किल बढ़ने वाली है। प्रशासन प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए हर स्तर पर कदम उठा रहा है, मगर यह अभी कम नहीं हो पाया है। स्थिति कमोबेश वहीं है। प्रदूषण खतरनाक स्तर पर बना हुआ है।