IIMC 2020: आतंकवादी हमलों को स्वीकार नहीं करेगा नया भारत : मुरलीधरन
भारतीय विदेश नीति में महत्वपूर्ण परिवर्तन विषय पर बोलते हुए मुरलीधरन ने कहा कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले की बरसी है। हमारे एक पड़ोसी देश ने संवाद के तौर पर स्वेच्छा से आतंकवाद को अपनाया है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भारत अपने सभी पड़ोसियों के साथ मित्रता का भाव रखता है, लेकिन भारत सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नया भारत अपनी सरजमीं पर आतंकवादी हमलों को स्वीकार नहीं करेगा। यह विचार विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने गुरुवार को भारतीय जन संचार संस्थान (आइआइएमसी) के सत्रारंभ समारोह-2020 के चौथे दिन व्यक्त किए।
भारतीय विदेश नीति में महत्वपूर्ण परिवर्तन विषय पर बोलते हुए मुरलीधरन ने कहा कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले की बरसी है। हमारे एक पड़ोसी देश ने संवाद के तौर पर स्वेच्छा से आतंकवाद को अपनाया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर भारत की समान प्रक्रिया ने उन देशों के बारे में हमारी नीति को बेहतर तरीके से उजागर किया है, जो आतंकवाद को अपनी विदेश नीति के तौर पर इस्तेमाल करते हैं। हमने स्पष्ट कर दिया है कि नया भारत आतंकवादी हमलों को चुपचाप नहीं झेलता रहेगा।
विदेश नीति में मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए मुरलीधरन ने कहा कि विदेश में भारत की सही तस्वीर प्रस्तुत करना मीडिया की जिम्मेदारी है। पड़ोसी देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। कई बार खबरों में भारत की गलत तस्वीर पेश की जाती है। इसलिए मीडिया के साथी रिपोर्टिंग करते वक्त तथ्यों और आंकड़ों का ध्यान अवश्य रखें।
वहीं, कार्यक्रम के प्रथम सत्र में डिजिटल और सोशल मीडिया- लोकतंत्र का उभरता हुआ पांचवा स्तंभ विषय पर बोलते हुए माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के डायरेक्टर (लोकेलाइजेशन) बालेंदु शर्मा दाधीच ने कहा कि कुछ लोग डिजिटल मीडिया को लोकंतत्र के चौथे स्तंभ का हिस्सा मानते हैं, तो कुछ लोग इसे लोकंतत्र का पांचवा स्तंभ कहते हैं। लेकिन मेरे हिसाब से 'मीडिया' नहीं, बल्कि सूचना लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ने आज एक नई क्रांति की है। सूचना एवं तकनीक के युग में आज प्रत्येक व्यक्ति एक मीडिया संस्थान है।
पटकथा लेखक और स्तंभकार अद्वैता काला ने कहा कि आज पूरा विश्व न्यू मीडिया का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज इंटरनेट पर सब कुछ एक क्लिक पर उपलब्ध है, आज आपको खबरों के लिए अखबार या पत्रिकाओं का इंतजार नहीं करना पड़ता। यही डिजिटल मीडिया की ताकत है। समारोह के पांचवे और अंतिम दिन शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन समेत अन्य प्रमुख हस्तियां विद्यार्थियों से रूबरू होंगी। कार्यक्रम के समापन सत्र में आईआईएमसी के पूर्व छात्र नए विद्यार्थियों से रूबरू होंगे। इन पूर्व छात्रों में कौन बनेगा करोड़पति के इस सीजन की पहली करोड़पति नाजिया नसीम भी शामिल हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो