पति को लहूलुहान देखकर चंडी बन गई दिल्ली की महिला, लेकिन नहीं रोक पाई दर्दनाक हादसा
अकेले दंपती ने चार पॉकेटमारों का पीछा किया और एक को दबोच लिया। इस बीच पॉकेटमार ने पति के सीने में चाकू घोंप दिया।
नई दिल्ली (जेएनएन)। प्रगति मैदान के पास रविवार शाम एक महिला ने बहादुरी दिखाते हुए पति के साथ मिलकर पॉकेटमारों से मोर्चा ले लिया। अकेले दंपती ने चार पॉकेटमारों का पीछा किया और एक को दबोच लिया। इस बीच पॉकेटमार ने पति के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे वह तड़पने लगा। पति को लहूलुहान देख पत्नी ने मानो चंडी का रूप धर लिया। उसने अकेले दो पॉकेटमारों को धर दबोचा। हालांकि, पति की जान नहीं बच पाई।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर निवासी अमरजीत (25) बाहरी दिल्ली के निलौठी गांव में परिवार के साथ रहते थे। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण वह पत्नी मंजू, बेटे और भाई के साथ चिड़ियाघर गए थे। शाम करीब 5.15 बजे वापस घर जाने के लिए उन्होंने चिड़ियाघर बस स्टैंड से डीटीसी की क्लस्टर बस (रूट संख्या 405) पकड़ी थी।
प्रगति मैदान के पास मंजू ने एक पॉकेटमार को जेब से मोबाइल निकालते देख लिया और शोर मचाकर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। शोर सुनकर चालक ने बस रोका तो पॉकेटमार और उसके तीन साथी उतरकर भागने लगे।
अमरजीत और मंजू ने चारों का पीछा किया और करीब 50 मीटर दूर जाकर अमरजीत ने अजीत नाम के पॉकेटमार को दबोच लिया। खुद को छुड़ाने के लिए उसने अमरजीत के सीने में चाकू घोंप दिया और भाग निकला। अमरजीत लहूलुहान हो गए और गिरकर तड़पने लगे।
यह देख मंजू ने करीब 200 मीटर तक पीछा कर एक साथ भाग रहे सूरज और सुमित को दबोच लिया। दोनों ने मंजू से हाथापाई की। एक ने उनके हाथ पर चाकू से वार भी किया, लेकिन उनकी पकड़ ढीली नहीं हुई। मंजू की हिम्मत देख कुछ लोगों ने बदमाशों को घेर लिया। पुलिस भी वहां पहुंच गई। दोनों पॉकेटमारों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
धरपकड़ के दौरान मंजू भी जख्मी हो गई थीं, लिहाजा दंपती को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार तड़के अमरजीत की मौत हो गई। मंजू की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने बाद में एक और बदमाश अजीत को भी दबोच लिया।
पुलिस करेगी सम्मानित
डीसीपी मधुर वर्मा ने पॉकेटमारों से मोर्चा लेने वाली मंजू को सम्मानित करने की बात कही है। गिरफ्तार पॉकेटमारों के नाम सूरज, सुमित व अजीत हैं। तीनों शाहदरा के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ 25 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। चौथे आरोपी की भी तलाश जारी है।