NDMC की बैठक में हंगामा करने वाले AAP पार्षद 15 दिन के लिए निलंबित
दिल्ली में डेंगू कम होने का श्रेय लेने पर भाजपा आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षद भिड़ गए। सदन की बैठक में हंगामा हुआ।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तरी दिल्ली नगर निगम (North Delhi Municipal Corporation) की सदन की बैठक में सोमवार को जोरदार हंगामा हुआ। दिल्ली में डेंगू कम होने का श्रेय लेने की होड़ में सोमवार को भाजपा, कांग्रेस और आप पार्षद भिड़ गए। हंगामा करने पर आम आदमी पार्टी के सदन में मौजूद सभी पार्षदों को 15 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। हंगामा कर रहे आप सदस्यों को मार्शलों द्वारा सदन से बाहर निकाला गया।
आप पार्षदों के हंगामें के बाद भाजपा ने निंदा प्रस्ताव पारित किया। वहीं, महापौर अवतार सिंह ने प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि आप पार्षद डेंगू पर चर्चा से भाग रहे हैं। तीन दिन में डेंगू पर चर्चा के लिए सदन की विशेष बैठक होगी।
हंगामा होने पर सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। सदन फिर से शुरू होने पर आप पार्षद सदन में फिर से जोरदार हंगामा किया और मेज पर खड़े होकर नारेबाजी की। आप सदस्यों ने निगम कर्मचारियों से दस्तावेज भी छीन लिए औऱ उसे फाड़ दिया।
इससे पहले दिल्ली में डेंगू (dengue) कम होने का श्रेय लेने पर आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के पार्षद भिड़ गए। सदन की बैठक में हंगामा कर रहे कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि अगर दिल्ली में डेंगू कम होने का श्रेय भाजपा और आप ले रही है तो मच्छरजनित बीमारियों से हुई मौतों की जिम्मेदारी भी ले। इस पर भाजपा और आप के पार्षदों ने कांग्रेस पर पलटवार किया। इस दौरान सदन में जोरदार हंगामा हुआ। जोरदार हंगामे की वजह से सदन की बैठक को दस मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया था।
कांग्रेस ने बोला भाजपा और आप पर हमला
दरअसल, आम आदमी पार्टी के पार्षदों का कहना है कि उनकी सरकार की वजह से दिल्ली में पिछले तीन साल में डेंगू के मामले कम हुए हैं। सरकार ने डेंगू से बचाव के लिए जागरुकता अभियान चलाया। वहीं भाजपा के पार्षदों का कहना है कि नगर निगम की वजह से दिल्ली में डेंगू के मरीज कम हुए हैं। भाजपा का दावा है कि निगम ने डेंगू से बचाव के लिए दवाओं का छिड़काव और जागरुकता अभियान समेत कई उपाय किए हैं जिसकी वजह से डेंगू के मामले कम हुए हैं।
उधर, कांग्रेस का पार्षदों का कहना है कि सत्ताधारी आप और निगम पर काबिज भाजपा डेंगू के मामले कम होने का श्रेय ले रहे हैं। दिल्ली में मच्छरजनित बीमारियों से हुई मौतों की भी जिम्मेदारी इन दोनों पार्टियों को लेने चाहिए।
केजरीवाल सरकार चला रही महाअभियान
बता दें कि केजरीवाल सरकार मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए हर रविवार 10 हफ्ते, 10 बजे और 10 मिनट नाम से महाअभियान चला रही है। 15 नवंबर तक चलने वाले डेंगू के खिलाफ अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास से किया था। इसके बाद मुख्य सचिव विजय देव ने इस अभियान को सभी सरकारी कार्यालयों में चलाने के लिए कहा। वहीं उपराज्यपाल ने भी आदेश जारी कर इसे डीडीए व दिल्ली पुलिस को भी इसे लागू करने के लिए कहा है।