Monsoon Rain Update News : दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में हल्की बारिश
Monsoon Rain 2021 Update मानसून के ब्रेक पर लौटने के बाद शुक्रवार और शनिवार को झमाझम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शनिवार के लिए यलो जबकि शुक्रवार के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। पिछले तकरीबन 10 दिन से निष्क्रिय चल रहे मानसून की छुट्टियां खत्म हो गईं है, बृहस्पतिवार से मानसून फिर काम पर लौट आया है और लगातार कई दिनों तक सक्रिय रहेगा। मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई है। फरीदाबाद में मौसम में परिवर्तन के साथ धूल भरी हवा चलने लगी है। कुछ देर बाद बारिश की संभावना भी बन रही है।
इन इलाकों में हुई बारिश
- नोएडा
- गाजियाबाद
- फरीदाबाद
वहीं, शुक्रवार और शनिवार को झमाझम बारिश होने के आसार हैं। इससे उमस भरी गर्मी कम होगी और तापमान में भी गिरावट आएगी। इस बाबत भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) ने अगले तीन दिनों के लिए यलो और आरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है।
शुक्रवार के लिए आरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। शाम के समय गर्जन वाले बादल बनने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके दौरान अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद शुक्रवार और शनिवार को झमाझम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शनिवार के लिए यलो, जबकि शुक्रवार के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली में तेज धूप और उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 38.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 45 से 85 फीसद रहा। अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस के लिहाज से नजफगढ़ और न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस के लिहाज से पीतमपुरा सर्वाधिक गर्म इलाके रहे।
एनसीआर की हवा में सुधार नहीं
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार बुधवार को भी एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ रहा। कमोबेश सभी जगहों का एयर इंडेक्स मध्यम श्रेणी में देखने को मिला। दिल्ली का एयर इंडेक्स 152, फरीदाबाद का 140, गाजियाबाद का 174, ग्रेटर नोएडा का 194, गुरुग्राम का 130 और नोएडा का एयर इंडेक्स 168 दर्ज किया गया। सफर इंडिया का कहना है कि बृहस्पतिवार को भी एयर इंडेक्स इसी श्रेणी में बना रहेगा। इसके बाद बारिश का दौर दोबारा शुरू होने पर अगले दो तीन दिन के दौरान प्रदूषण की श्रेणी बदल सकती है।