Delhi Weather News Update: दिल्ली में हुआ गर्मी में इजाफा, लोगों को परेशान करेगी हीट वेव
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के मुताबिक अगले कई दिनों तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार ही रहेगा जिससे लू चलेगी। वहीं बुधवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश 42 और 19 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में इसका असर दिखाई देने लगा है। अब न केवल दिन में गर्मी हो रही है, बल्कि रात को भी लोग गर्मी से परेशान हो रहे हैं। बुधवार सुबह से दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप निकली हुई है। कुछ दिनों तक बिना पंखे के रह रहे लोग सुबह पसीने से तर नजर आए। बताया जा रहा है कि दिन चढ़ने के साथ न्यूनतम और अधिकतम दोनों ही तापमान में इजाफा होगा। वहीं, प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के मुताबिक, अगले कई दिनों तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार ही रहेगा, जिससे लू चलेगी। वहीं बुधवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 19 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। जाहिर है कि आने वाले दिनों लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री पार हो गया, वहीं कई इलाकों में तो तापमान 43 डिग्री पार चला गया। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 23 से 74 फीसद दर्ज किया गया।
वहीं, दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो ज्यादातर केंद्रों पर तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इनमें सबसे अधिक तापमान नरेला का 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा नजफगढ़ में 43.7, स्पोर्टस कांप्लेक्स में 43.6, मुंगेशपुर में 43.2, आयानगर और पीतमपुरा में 43.0 और जाफरपुर में 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, दिल्ली-एनसीआर के वायु प्रदूषण में कोई खास सुधार नहीं है। ज्यादातर इलाकों में वायु गुणवत्ता स्तर 200 से 300 के बीच बना हुआ है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद लॉकडाउन और वीकेंड लॉकडाउन के कारण वायु प्रदूषण में कमी आई है।