Hathras Case: यूपी भवन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए नेताओं को पुलिस ने छोड़ा
Hathras Girl Assault Protest News यूपी भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जिन नेताओं को हिरासत में लिया गया है उनमें दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अमृता धवन और यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल हैं।
नई दिल्ली [ध्रुव कुमार]। Hathras Girl Assault Protest News: यूपी की दुष्कर्म पीड़िता की सफदरजंग में इलाज के दौरान मौत के बाद विपक्षी पार्टियों ने योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चाणक्यपुरी स्थित उत्तर प्रदेश भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जिन नेताओं को हिरासत में लिया गया उनमें दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अमृता धवन, पूर्व पार्षद नीतू वर्मा और यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी प्रमुख रूप से शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया। इन्हें कनॉट प्लेस पुलिस थाने ले जाया गया। कुछ समय के बाद इन सभी प्रदर्शनकारियों को छोड़ दिया गया।
हाथरस सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यूपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने यूपी भवन से हटने की अपील की लेकिन प्रदर्शनकारी पुलिस की बातों पर ध्यान नहीं दिया। इस पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। पुलिस जबरन कांग्रेस नेताओं को गाड़ी में ले गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध भी किया।
उधर, हाथरस सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर आइसा ने भी प्रदर्सन किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
युवा कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकाला
इससे पहले मंगलवार शाम को सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता की आत्मा की शांति के लिए भारतीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। इसके बाद जंतर-मंतर के नजदीक कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। रायसीना रोड से निकाले गए कैंडल मार्च का नेतृत्व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।
सुबह से ही पहुंचने लगे थे नेता
सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की मौत की खबर फैलते ही मंगलवार की सुबह से ही सफदरजंग अस्पताल में नेताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। सुबह सबसे पहले दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, ग्रेटर कैलाश से आप विधायक सौरभ भारद्वाज, अंबेडकर नगर से आप विधायक अजय दत्त व मंगोलपुरी से आप विधायक राखी बिड़ला सफदरजंग अस्पताल सहित अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य पीएल पुनिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री जतिन प्रसाद, पूर्व सांसद उदित राज, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी भी पहुंचे। सभी लोगों ने पीड़िता के पिता से मिलकर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो