Hathras Case: दिल्ली के महर्षि वाल्मीकि मंदिर में प्रार्थना सभा का आयोजन, प्रियंका गांधी हुईं शामिल
हाथरस मामले में शुक्रवार को महर्षि वाल्मीकि मंदिर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई कांग्रेसी नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने हाथरस पीड़िता की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
नई दिल्ली, जेएनएन/एएनआइ। हाथरस मामले में शुक्रवार को महर्षि वाल्मीकि मंदिर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई कांग्रेसी नेता शामिल हुए। मिली जानकारी के अनुसार, इस प्रार्थना सभा में वाल्मीकि समाज के बड़ी संख्या में लोग भी पहुंचे। इन सभी ने हाथरस पीड़िता की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
समाचार एजेंसी एएनआइ की तरफ से जारी तस्वीरों के अनुसार, यहां पर शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं किया गया। जबकि कई कई लोग मास्क भी ठीक से नहीं लगाए थे। प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं की भीड़ थी।
यहां पर पहुंची प्रियंका गांधी ने महर्षि वाल्मीकि का दर्शन किया और पीड़िता की आत्मा की शांति के लिए दुआ की।
यूपी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को यूपी की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि यूपी की कानून व्यवस्था चिंताजनक है। विपक्ष का काम सरकार को जगाना है। इस वजह से हम लोग हाथरस जा रहे थे। महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार को लेनी पड़ेगी। प्रदेश में हालात नहीं बदल रहे हैं।
बता दें कि गुरुवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई कांग्रेस नेता हाथरस जा रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें ग्रेटर नोएडा के युमना एक्सप्रेस-वे पर रोक दिया। राहुल व प्रियंका को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उन्हें ले जाकर दिल्ली की सीमा में छोड़ दिया था। कोरोना महामारी के दौरान भीड़ एकत्र कर एक्सप्रेस-वे के रास्ते हाथरस जाने के मामले में राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा समेत 153 कांग्रेसियों के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है। इसमें दीपेंद्र हुड्डा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी सहित कई अन्य नेताओं को नामजद किया गया है। ईकोटेक एक कोतवाली में दर्ज किए गए मुकदमे में पचास लोगों को अज्ञात भी बताया गया है। जान-बूझकर घातक कृत्य करना, सरकारी आदेशों का उल्लंघन व महामारी अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो